Gandhar Oil Refinery ने एंकर निवेशकों से 150 करोड़ रुपये जुटाए, जानिए डिटेल

Gandhar Oil Refinery : मर्चेंट बैंकरों के साथ कंसल्टेशन के बाद मुंबई स्थित कंपनी ने कहा कि उसने एंकर निवेशकों को 169 रुपये प्रति इक्विटी शेयर पर 88,88,018 इक्विटी शेयरों का आवंटन किया है। यह आईपीओ 22 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 24 नवंबर को बंद हो जाएगा

अपडेटेड Nov 21, 2023 पर 9:57 PM
गंधार ऑयल रिफाइनरी ने एंकर निवेशकों से 150.2 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

Gandhar Oil Refinery IPO : व्हाइट ऑयल मैन्युफैक्चरिंग कंपनी गंधार ऑयल रिफाइनरी ने एंकर निवेशकों से 150.2 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी ने आज 21 नवंबर को यह जानकारी दी। यह आईपीओ 22 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 24 नवंबर को बंद हो जाएगा। कंपनी ने इसके लिए 160-169 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। मर्चेंट बैंकरों के साथ कंसल्टेशन के बाद मुंबई स्थित कंपनी ने कहा कि उसने एंकर निवेशकों को 169 रुपये प्रति इक्विटी शेयर पर 88,88,018 इक्विटी शेयरों का आवंटन किया है।

कंपनी का बयान

गंधार ऑयल रिफाइनरी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि उसने कुल 16 एंकर निवेशकों को शेयर आवंटित किए हैं। इनमें मॉर्गन स्टेनली, सोसाइटी जेनरल, कॉप्थॉल मॉरीशस इन्वेस्टमेंट, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, HDFC म्यूचुअल फंड, व्हाइटओक कैपिटल, अशोका इंडिया इक्विटी इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट, टर्नअराउंड अपॉर्चुनिटीज फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, और SBI जनरल इंश्योरेंस कंपनी शामिल हैं।


कंपनी ने कहा, "एंकर निवेशकों को 88,88,018 इक्विटी शेयरों के कुल आवंटन में से 42,28,576 इक्विटी शेयर तीन घरेलू म्यूचुअल फंडों को आवंटित किए गए, जिन्होंने कुल सात स्कीम के माध्यम से अप्लाई किया है।"

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

गंधार ऑयल रिफाइनरी का IPO आगामी 22 नवंबर 2023 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 24 नवंबर 2023 को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए यह IPO एक दिन पहले 21 नवंबर को खुलेगा। गंधार ऑयल रिफाइनरी, व्हाइट ऑयल की मैन्युफैक्चरिंग करती है। कंपनी अपने IPO से करीब 500.69 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। इसमें से 302 करोड़ रुपये नए शेयर जारी कर जुटाए जाएंगे। जबकि बाकी 198.69 करोड़ रुपये के शेयर इसके प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों की ओर से बिक्री के लिए रखा जाएगा।

कंपनी को नए शेयरों की बिक्री से जो राशि मिलेगा, उसका एक बड़ा हिस्सा यानी करीब 185 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा होने में खर्च होंगे। इसके अलावा, करीब 22.71 करोड़ रुपये का इस्तेमाल टेक्सोल से लिए गए लोन को चुकाने में किया जाएगा। वहीं 27.73 करोड़ रुपये सिलवासा प्लांट में ऑटोमोटिव ऑयल की क्षमता विस्तार के लिए जरूरी इक्विपमेंट्स को खरीदने और सिविल कार्य में खर्च किए जाएंगे।

कंपनी के बारे में

गंधार ऑयल कई तरह के प्रोडक्ट बनाती है, जो पर्सनल केयर, हेल्थकेयर और परफॉर्मेंस ऑयल कैटेगरी में आते हैं। इसके अलावा कंपनी 'Divyol' ब्रांड के तहत इंजन ऑयल भी बनाती है। कंपनी के पास कई घरेलू और ग्लोबल स्तर पर कई बड़े क्लाइंट्स हैं, जिनमें प्रॉक्टर एंड गैंबल, यूनिलीवर, मैरिको, डॉबर, एनक्यूब, पतंजलि आयुर्वेद, बजाज कंज्यूमर केयर, इमामी और अमृतांजन हेल्थकेयर सहित कई कंपनियां शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।