ग्लोबल सरफेसेज (Global Surfaces) ने शुक्रवार 10 मार्च को अपने इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) से ठीक पहले एंकर निवेशकों से 46.49 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी अगले हफ्ते अपना IPO लॉन्च करने वाली है। जानकारी के मुताबिक, कंपनी के IPO में तीन संस्थाओं ने बतौर एंकर निवेशक निवेश किया है। इसमें लीडिंग लाइट फंड VCC-द ट्रंफ फंड, सैंट कैपिटल फंड और वीपीके ग्लोबल वेंचर्स फंड-स्कीम 1 शामिल हैं। ग्लोबल सरफेसेज ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया, "मर्चेंट बैंकरों के परामर्श से, हमने एंकर निवेशकों को 140 रुपये प्रति शेयर (130 रुपये प्रति शेयर के प्रीमियम सहित) पर 33.21 लाख इक्विटी शेयरों के आवंटन को अंतिम रूप दिया है।"
लीडिंग लाइट फंड VCC-द ट्रंफ फंड को 27 करोड़ रुपये के निवेश से 19.28 लाख शेयर मिले हैं। सैंट कैपिटल फंड को 14.49 लाख करोड़ रुपये के निवेश पर 10.35 लाख शेयर आवंटित किए हैं। वहीं वीपीके ग्लोबल वेंचर्स फंड-स्कीम 1 को 5 करोड़ रुपये के निवेश से 3.57 लाख शेयर मिले हैं।
ग्लोबल सरफेसेज का IPO सोमवार 13 मार्च को खुलेगा। कंपनी ने अपने शेयरों के लिए 133-140 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। इसका आईपीओ 15 मार्च को बंद होगा। कंपनी अपने आईपीओ से 155 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसमें 119.28 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं 35.70 करोड़ रुपये का कंपनी के शेयरधारकों और प्रमोटरों की तरफ से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) लिया जाएगा।
ग्लोबल सरफेसेज, एक नैचुरल स्टोन प्रॉसेस करने वाली कंपनी है। कंपनी ने बताया कि वह IPO से मिले रकम का इस्तेमाल अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी ग्लोबल सरफेसेज FZE के कैपिटल एक्सपेंडिचर को फंड करने में करेगी। यह सब्सिडियरी यूएई के दुबई में इंजीनियर्ड क्वार्ट्ज के लिए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाएगी।
यह इस साल का दूसरा आईपीओ है। इससे पहले दिवगी टॉर्कट्रांसफर सिस्टम्स (Divgi TorqTransfer Systems) इस साल अपना IPO ला चुकी है।