GNG Electronics IPO: पहले ही घंटे में आईपीओ 100% सब्सक्राइब, GMP से 44% मुनाफे का संकेत, क्या करना चाहिए निवेश?
GNG Electronics IPO: जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स का 460 करोड़ रुपये का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) बुधवार 23 जुलाई को खुलने के बाद महज एक घंटे में पूरा सब्सक्राइब हो गया। पहले दिन इस आईपीओ को कुल 9 गुना का सब्सक्रिप्शन मिला है
GNG Electronics IPO: इस आईपीओ का कुल साइज 460 करोड़ रुपये है
GNG Electronics IPO: जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स का 460 करोड़ रुपये का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) बुधवार 23 जुलाई को खुलने के बाद महज एक घंटे में पूरा सब्सक्राइब हो गया। पहले दिन इस आईपीओ को 9 गुना का सब्सक्रिप्शन मिला है। GNG इलेक्ट्रॉनिक्स के IPO को सबसे अधिक बोली नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NIIs) की कैटेगरी में मिली है, जो अब तक 18 गुना अधिक सब्सक्राइब हुआ है। वहीं रिटेल निवेशकों की कैटेगरी 9 गुना भर चुकी है।
GNG इलेक्ट्रॉनिक्स का आईपीओ 23 से 25 जुलाई तक बोली के लिए खुला रहेगा। आईपीओ के लिए शेयर का प्राइस बैंड 225 रुपये से 237 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। निवेशक कम से कम 63 शेयरों और फिर उसके मल्टीपल में आवेदन कर सकते हैं। प्राइस बैंड के ऊपरी सिरे पर कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 2,700 करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है।
ग्रे मार्केट में भी जबरदस्त हलचल
जानकारों के मुताबिक, अनलिस्टेड मार्केट में GNG इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GPM) फिलहाल 44 फीसदी चल रहा है। इसका मतलब है कि फिलहाल ग्रे मार्केट इस शेयर के आईपीओ प्राइस से करीब 44 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट होने की उम्मीद कर रहा है।
हालांकि यहां ये बताना जरूरी है कि ग्रे मार्केट में कारोबार का अनुमान हमेशा सही नहीं होता है और ये कभी भी बदल सकता है। मार्केट एक्सपर्ट्स हमेशा ग्रे मार्केट की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल के आधार पर ही निवेश का फैसला लेने की सलाह देते हैं।
IPO का स्ट्रक्चर
GNG इलेक्ट्रॉनिक्स के आईपीओ का कुल साइज 460 करोड़ रुपये है। इसमें 400 करोड़ रुपये नए शेयरों को जारी करके जुटाए जाएंगे, जो कंपनी के खाते में जाएगा। वहीं बाकी 60.43 करोड़ रुपये के शेयरों को कंपनी के प्रमोटरों की ओर से बिक्री के लिए रखा जाएगा। कंपनी ने बताया कि वह आईपीओ से मिली नई राशि का इस्तेमाल अपने कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने और दूसरे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों को पूरा करने के लिए करेगी।
GNG Electronics का बिजनेस मॉडल
GNG इलेक्ट्रॉनिक्स को देश का सबसे बड़ा लैपटॉप और डेस्कटॉप रिफर्बिशर माना जाता है और यह ग्लोबल स्तर पर ICT डिवाइसेज के सबसे बड़े रिफर्बिशर में से एक है। कंपनी ‘Electronics Bazaar’ ब्रांड के तहत काम करती है और इसका संचालन भारत, अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका और यूएई जैसे देशों में फैला हुआ है। यह माइक्रोसॉफ्ट का भारत में सबसे बड़ा अधिकृत रिफर्बिशर भी है।
वित्तीय प्रदर्शन
वित्तीय वर्ष 2024-25 में कंपनी का राजस्व 24% की ग्रोथ के साथ 1,420 करोड़ रुपये रहा, जबकि शुद्ध मुनाफा 32% की ग्रोथ के साथ 69 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस IPO के लीड बुक रनिंग मैनेजर्स में मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स, IIFL कैपिटल सर्विसेज और JM फाइनेंशियल शामिल हैं।
अलॉटमेंट और लिस्टिंग की तारीखें
IPO की बोली बंद होने के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 28 जुलाई को होने की उम्मीद है। वहीं इसकी स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्टिंग 30 जुलाई को होने की उम्मीद है।
GNG Electronics IPO: क्या आपको करना चाहिए निवेश
अधिकतर ब्रोकरेज फर्मों ने इस IPO को "लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब" करने की सलाह दी है। SBI सिक्योरिटीज ने बताया कि वित्त वर्ष 2023 से वित्त वर्ष 2025 तक कंपनी के रेवेन्यू/EBITDA/शुद्ध मुनाफे में क्रमशः 46%/58%/46% की दर से ग्रोथ देखने को मिली है। भारत में रिफर्बिश्ड पर्सनल कंप्यूटर मार्केट के साल 2030 तक 31.3% की CAGR से बढ़ने की उम्मीद है।
हालांकि, बाजाज ब्रोकिंग और कुछ दूसरे एक्सपर्ट्स ने कुछ जोखिमों की भी ओर इशारा किया है। FY25 में कंपनी की 75.59% आय केवल लैपटॉप बिक्री से आई है, जो मांग घटने पर मुनाफे को प्रभावित कर सकती है। साथ ही, सीमित सप्लायर डिपेंडेंसी और पार्ट्स के प्राइस वोलैटिलिटी को भी जोखिम माना गया है।
वेंचुरा, अरिहंत कैपिटल और SMIFS ने भी इस IPO को 'Subscribe' करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि 237 रुपये के प्राइस बैंड पर IPO का P/E रेशियो 39.1x है, जो सेक्टर के लिहाज से औसत माना जा रहा है। कंपनी की ग्लोबल उपस्थिति, मजबूत ग्रोथ और ESG थीम इसे लॉन्ग-टर्म निवेश के लिए उपयुक्त बनाते हैं।
डिस्क्लेमरःMoneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।