Godrej Capital IPO: गोदरेज ग्रुप की कई कंपनियां घरेलू स्टॉक मार्केट में लिस्टेड हैं और अब इसकी एक और कंपनी गोदरेज कैपिटल के लिस्टिंग को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि कंपनी के सीईओ मनीष शाह ने स्पष्ट कर दिया है कि इसके आईपीओ को लाने का प्लान तो है लेकिन अभी इसे लेकर एक टारगेट फिक्स किया गया है, वह पूरा हो जाए तो फिर आईपीओ के रास्ते पर बढ़ा जाए। उन्होंने मनीकंट्रोल से बातचीत में कंपनी की मौजूदा कारोबारी स्थिति और आने वाले वर्षों में कंपनी के कारोबारी लक्ष्यों के बारे में भी बातचीत की।
कब शुरू होगा Godrej Capital IPO पर काम?
गोदरेज कैपिटल के सीईओ का कहना है कि अप्रैल 2028 तक 50 हजार करोड़ रुपये के लोनबुक का लक्ष्य रखा गया है जो कंपनी का पहला टारगेट है। यह टारगेट हासिल होने के बाद लिस्टिंग के बारे में विचार किया जाएगा। अभी के लिए उन्होंने कहा कि ग्रुप इस साल 3 हजार करोड़ रुपये की पूंजी डाल रहा है और इसके बाद पूंजी की जरूरत नहीं है। उन्होंने प्राइवेट इक्विटी राउंड के जरिए फंड जुटाने की संभावनाओं को खारिज कर दिया।
कैसी है कारोबारी सेहत और अब आगे क्या है टारगेट?
गोदरेज कैपिटल के कारोबारी सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 में इसका लोन बुक 10,500 करोड़ रुपये का था। इसमें से 40 फीसदी हाउसिंग बिजनेस का और 60 फीसदी एनबीएफसी बिजनेस का रहा। हाउसिंग में बात करें तो कंपनी सिर्फ मॉर्गेज करती है तो एनबीएफसी में इसका फोकस छोटे कारोबारियों को कर्ज देने पर है। इसमें से अधिकतर सिक्योर्ड लोन हैं लेकिन अब कंपनी ने अनसिक्योर्ड लोन भी बांटना शुरू किया है। अब मनीष का मानना है कि वित्त वर्ष 2025 में लोनबुक 17 हजार-18 हजार करोड़ तक पहुंच सकता है। गोदरेज कैपिटल ने करीब पांच साल पहले चार शहरों से अपना कारोबार शुरू किया है और अब देश के 40 शहरों में इसके 60 ऑफिस हैं। अब मनीष का कहना है कि दो साल में 100 से अधिक जगहों पर इसकी मौजूदगी का लक्ष्य है।
मनीष ने बताया कि पिछले साल MSME के अनसिक्योर्ड लोन के लिए तैयारी शुरू की गई और इस साल लॉन्च हुआ। इस साल 1 हजार करोड़ रुपये के अनसिक्योर्ड MSME लोन का लक्ष्य रखा गया है। अब इस साल कंपनी अफोर्डेबल हाउसिंग के लिए तैयारी चल रही है और इसे मार्च 2025 तिमाही या जून 2025 तिमाही में लाया जा सकता है। हालांकि अभी इस पर काम चल ही रहा है। 5-6 साल में कंपनी का लक्ष्य 5 हजार करोड़ रुपये का AUM हासिल करने का है। अफोर्डेबल हाउसिंग 30 लाख रुपये से नीचे के सेगमेंट को बोलते हैं।