एजुकेशन लोन देने वाली देश की सबसे बड़ी फाइनेंस कंपनी एचडीएफसी क्रेडिला फाइनेंशियल सर्विसेज ने अपने आईपीओ के लिए पांच इनवेस्टमेंट बैंकों को शॉर्टलिस्ट किया है। कंपनी अगले साल आईपीओ पेश करेगी। इस मामले से जुड़े चार लोगों ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर इस बारे में बताया। इनमें से एक व्यक्ति ने कहा कि हाल में हुई कई इनवेस्टमेंट बैंकों से बातचीत के बाद जिन इनवेस्टमेंट बैंकों के नाम शॉर्टलिस्ट हुए हैं उनमें जेफरीज, सिटी, एक्सिस कैपिटल, आईआईएफएल कैपिटल और बीओएफए सिक्योरिटीज शामिल हैं।
आईपीओ से 500 करोड़ जुटाने का प्लान
एचडीएफसी क्रेडिला फाइनेंशियल सर्विसेज (HDFC Credila Financial Services) की लिस्टिंग प्लान की जानकारी रखने वाले चौथे व्यक्ति ने बताया कि कंपनी आईपीओ से 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा पैसा जुटा सकती है। हालांकि, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि निवेशक कंपनी में अपनी कितनी हिस्सेदारी बेचना चाहते हैं। पिछले साल जून में एचडीएफसी क्रेडिला को एक कंसोर्शियम ने एचडीएफएसी ग्रुप से खरीदा था। इस कंसोर्शियम में स्वीडन की इनवेस्टमेंट कंपनी EQT और प्राइवेट इक्विटी फर्म क्रिसकैपिटल शामिल थीं।
एचडीएफसी बैंक की भी हिस्सेदारी
ईक्यूटी और क्रिसकैपिटल की अभी एचडीएफसी क्रेडिला में आधा से ज्यादा हिस्सेदारी है। एचडीएफसी बैंक और दक्षिण कोरिया के Sinhan Bank की भी इसमें थोड़ी हिस्सेदारी है। इस बारे में पूछने पर ईक्यूटी ने कुछ बताने से इनकार कर दिया। क्रिसकैपिटल और एचडीएफसी बैंक ने भी इस बारे में भेजे गए ईमेल के जवाब नहीं दिए। मामले से जुड़े इनवेस्टमेंट बैंकों से तुरंत संपर्क नहीं हो सका। ईटी नाउ ने सबसे एचडीएफसी क्रेडिला के लिस्टिंग प्लान के बारे में बताया था।
दूसरी फाइनेंस कंपनियों का भी आईपीओ का प्लान
एचडीएफसी क्रेडिला अकेली एजुकेशन लोन फाइनेंस कंपनी नहीं है जो आईपीओ पेश करना चाहती है। 21 जून को मुंबई की Avanse Financial Services ने आईपीओ के लिए सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर फाइल किया था। यह आईपीओ से 3,500 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इस फाइनेंस कंपनी में वारबर्ग पिंकस, केदारा कैपिटल और आईएफसी की हिस्सेदारी है। इस साल 3 जनवरी को मनीकंट्रोल ने यह खबर दी थी कि Avanse Financial ने आईपीओ के लिए 6 इनवेस्टमेंट बैंकरों की पहचान की है।
यह भी पढ़ें: Sahasra Electronics IPO: 26 सितंबर को खुलेगा 186 करोड़ का आईपीओ, प्राइस बैंड से GMP तक पूरी डिटेल
कंपनी ने 1,78,000 स्टूडेंट्स को एजुकेशन लोन दिए
एचडीएफसी क्रेडिला ने अब तक 1,78,000 स्टूडेंट्स को एजुकेशन लोन दिए हैं। 31 मार्च, 2024 को खत्म फाइनेंशियल ईयर में कंपनी की कुल इनकम 2,771.04 करोड़ रुपये थी। इस दौरान इसका टैक्स के बाद प्रॉफिट 528.84 करोड़ रुपये था। यह कंपनी एजुकेशन लोन पर फोकस करती है। यह दो कैटेगरी में एजुकेशन लोन देती है। पहला है सेक्योर्ड एजुकेशन लोन और दूसरा है अनसेक्योर्ड एजुकेशन लोन। इसका करीब 21 फीसदी लोन पोर्टफोलियो सेक्योर्ड एजुकेशन लोन के तहत आता है।