Hexaware Tech IPO: अगले हफ्ते लॉन्च हो सकता है IT सेक्टर का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू, 8750 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी

Hexaware Tech IPO: सूत्रों के मुताबिक यह आईपीओ पूरी तरह से कार्लाइल द्वारा ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा और इसे लॉन्च करने की पूरी तैयारी है। योजना के अनुसार सब्सक्रिप्शन के लिए यह इश्यू 12 से 14 फरवरी के बीच खुलेगा, जबकि एंकर निवेशकों के लिए इसे 11 फरवरी को खोला जाएगा

अपडेटेड Feb 05, 2025 पर 5:28 PM
Story continues below Advertisement
Hexaware Tech IPO: हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज अगले सप्ताह अपना आईपीओ लॉन्च कर सकती है।

Hexaware Tech IPO: हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज अगले सप्ताह अपना आईपीओ लॉन्च कर सकती है। इंडस्ट्री से जुड़े कई सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है। यह भारत के आईटी सर्विसेज और एंटरप्राइज टेक सेगमेंट में अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ होगा। अमेरिकी प्राइवेट इक्विटी दिग्गज Carlyle द्वारा प्रमोटेड इस कंपनी का इरादा पब्लिक इश्यू के जरिए करीब 8750 करोड़ रुपये जुटाने का है।

Hexaware Tech के IPO से जुड़ी डिटेल

सूत्रों के मुताबिक यह आईपीओ पूरी तरह से कार्लाइल द्वारा ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा और इसे लॉन्च करने की पूरी तैयारी है। योजना के अनुसार सब्सक्रिप्शन के लिए यह इश्यू 12 से 14 फरवरी के बीच खुलेगा, जबकि एंकर निवेशकों के लिए इसे 11 फरवरी को खोला जाएगा। तीन सूत्रों ने नाम न बताने की शर्त पर मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है।


IT सेक्टर का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू

जब Carlyle से टिप्पणी के लिए संपर्क किया गया, तो फर्म ने सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया। लिस्टिंग के बाद यह 2002 में TCS के 4713 करोड़ रुपये के पब्लिक इश्यू के बाद रुपये के लिहाज से भारत का सबसे बड़ा आईटी सर्विसेज आईपीओ होगा। इसके पहले 14 मई को मनीकंट्रोल ने सबसे पहले रिपोर्ट की थी कि Carlyle समर्थित हेक्सावेयर ने डील के लिए एडवाइजर के रूप में कोटक महिंद्रा कैपिटल, सिटी, JP मॉर्गन, HSBC सिक्योरिटीज और IIFL कैपिटल जैसे पांच इनवेस्टमेंट बैंकों को चुना है।

6 सितंबर 2024 को दायर ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार शार्दुल अमरचंद मंगलदास कंपनी के वकील हैं। तब इश्यू का आकार 9950 करोड़ रुपये आंका गया था। 14 मई की रिपोर्ट में कहा गया है कि टारगेटेड वैल्यूएशन $5 अरब से $6 अरब के बीच था, जो बाद में बाजार की स्थितियों के आधार पर अलग हो सकता है।

22 साल बाद होगी घरेलू शेयर बाजारों में वापसी

Carlyle ने 2021 में प्राइवेट इक्विटी फर्म बैरिंग प्राइवेट इक्विटी एशिया (अब EQT) से लगभग 3 अरब डॉलर में हेक्सावेयर का अधिग्रहण किया। लिस्टिंग के बाद हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज की 22 साल बाद घरेलू शेयर बाजारों में वापसी होगी। NSE के आंकड़ों के अनुसार, इसे पहली बार 14 जून 2002 को लिस्ट किया गया था। पहले के प्रमोटर बैरिंग प्राइवेट इक्विटी एशिया ने 2020 में फर्म को डीलिस्ट कर दिया था।

Carlyle के पास हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज में 95.03 फीसदी हिस्सेदारी है। मुंबई स्थित इस फर्म की दुनिया भर में 19 से अधिक देशों में लगभग 61 ऑफिस है, जिसमें 31000 से अधिक कर्मचारी हैं और 370 से अधिक क्लाइंट बेस है। इसके DRHP के अनुसार, जून 2024 को समाप्त छह महीनों में फर्म ने 5684 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया, जिसमें अमेरिका 73.3 फीसदी रेवेन्यू शेयर के साथ सबसे बड़ा कंट्रीब्यूटर रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।