Highway Infra IPO: हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (HIL) का 130 करोड़ रुपये का IPO 5 अगस्त को खुलते ही निवेशकों के बीच छा गया। पहले ही दिन सुबह 11:20 बजे तक यह 6.66 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। रिटेल निवेशकों और गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) ने इस आईपीओ में जमकर बोली लगाई है। आइए आपको बताते हैं इस आईपीओ की पूरी जानकारी और क्या आपको इसे सब्सक्राइब करना चाहिए।
प्राइस बैंड: कंपनी ने प्रति शेयर ₹65 से ₹70 का प्राइस बैंड तय किया है।
लॉट साइज: एक निवेशक को कम से कम 211 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी, जिसके लिए न्यूनतम ₹14,770 का निवेश करना होगा।
सब्सक्रिप्शन की तारीखें: यह IPO 5 अगस्त से 7 अगस्त 2025 तक खुला रहेगा।
अलॉटमेंट: शेयरों का अलॉटमेंट 8 अगस्त को होने की संभावना है।
लिस्टिंग: 12 अगस्त को BSE और NSE पर लिस्टिंग होनी है।
विशेषज्ञों से समझिए आपको निवेश करना चाहिए या नहीं?
इस IPO को लेकर ब्रोकरेज फर्मों ने मिली-जुली, लेकिन ज्यादातर पॉजिटिव राय दी है।
स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट: इस फर्म ने निवेशकों को लिस्टिंग गेन और लंबी अवधि दोनों के लिए 'सब्सक्राइब' करने की सलाह दी है। उनका मानना है कि कंपनी का मजबूत ऑर्डर बुक और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में अच्छा माहौल इसे बेहतर स्थिति में लाता है।
आनंद राठी: आनंद राठी ने भी इसे 'लंबी अवधि के लिए सब्सक्राइब' करने की सलाह दी है। उनका मानना है कि सरकार के सड़क बुनियादी ढांचे पर बढ़ते फोकस और कंपनी द्वारा इस्तेमाल की जा रही ANPR (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) जैसी तकनीक से कंपनी को फायदा मिलेगा।
SBI सिक्योरिटीज: इसने इस आईपीओ को 'अवॉयड' करने की सलाह दी है। फर्म का कहना है कि कंपनी इस क्षेत्र में एक छोटी खिलाड़ी है और सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स पर इसकी अधिक निर्भरता जोखिम पैदा कर सकती है।
कैसी है कंपनी की वित्तीय सेहत?
1995 में स्थापित हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (HIL) टोल कलेक्शन और EPC (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट, और कंस्ट्रक्शन) परियोजनाओं में काम करती है। कंपनी के पास मजबूत ऑर्डर बुक है, जो मई 2025 तक ₹6,600 करोड़ से अधिक का था। वित्तीय वर्ष 2025 में कंपनी का राजस्व 13% कम हुआ, लेकिन इसका शुद्ध लाभ 5% बढ़कर ₹22.4 करोड़ हो गया। IPO से मिलने वाले फंड का इस्तेमाल कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी।
जबरदस्त है ग्रे मार्केट प्रीमियम
हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के शेयर ग्रे मार्केट में ₹110 पर कारोबार कर रहे है। यानी इसके प्राइस बैंड ₹70 से ₹40 ज्यादा पर। इसका मतलब है कि यह शेयर करीब 57% प्रीमियम पर ट्रेड हो रहा है। हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर का आईपीओ लिस्टिंग पर जबरदस्त मुनाफा दे सकता है।