Novelis IPO: कुमार मंगलम बिड़ला के हिंडालको इंडस्ट्रीज (Hindalco Industries) के पूर्ण मालिकाना हक वाली नोवेलिस आईपीओ लाने की तैयारी में है। नोवेलिस ने अमेरिकी बाजार नियामक सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के पास फॉर्म एफ-1 पर रजिस्ट्रेशन स्टेटमेंट फाइल कर दिया है। फाइलिंग के मुताबिक नोवेलिस का इरादा अपने कॉमन शेयरों को लिस्ट कराने का है। ये शेयर कंपनी की शेयरहोल्डर एवी मिनरल्स बेचेगी। ये शेयर न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज (NYSE) पर लिस्ट होंगे। आईपीओ के तहत कितने शेयर जारी होंगे और आईपीओ के लिए प्राइस बैंड क्या होगा, यह अभी तक तय नहीं हुआ है। एसईसी अपना रिव्यू पूरी कर लेगी, फिर उसके बाद नोवेलिस इसकी प्रक्रिया पर आगे बढ़ेगी।
इतना बड़ा हो सकता है Novelis IPO
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नोवेलिस का आईपीओ की पूरी प्रक्रिया जून की शुरुआत में पूरी हो सकती है। रिपोर्ट्स के दावे के मुताबिक यह करीब दो हफ्ते में औपचारिक रूप से इस आईपीओ की मार्केटिंग शुरू कर सकती है। प्रस्तावित आईपीओ के लिए मॉर्गन स्टैनले, बोफा सिक्योरिटीज और सिटीग्रुप लीड बुक रनिंग मैनेजर्स हैं। फार्गो सिक्योरिटीज, ड्यूश बैंक सिक्योरिटीज और बीएमओ कैपिटल मार्केट्स एडीशनल बुक-रनिंग मैनेजर्स के तौर पर काम कर रहे हैं। बीएनबी पारिबास, एकेडमी सिक्योरिटीज, क्रेडिच एग्रीकोल सीआईबी, पीएनसी कैपिटल मार्केट्स एलएलसी और एसएमबीसी निक्को को-मैनेजर्स के तौर पर काम करेंगे। हिंडालको की योजना 120 करोड़ डॉलर का आईपीओ लाने की है और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह आईपीओ 1800 करोड़ डॉलर के वैल्यूएशन पर आ सकता है।
Hindalco Industries ने 15 साल पहले खरीदा था Novelis को
नोवेलिस फ्लैट-रोल्ड एलुमिनियम प्रोडक्ट्स बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है जिसका इस्तेमाल कार से लेकर सोडा कैन तक होता है। हिंडालको ने करीब 17 साल पहले वर्ष 2007 में अरबों डॉलर के सौदे में नोवेलिस को खरीद लिया था। पिछले वित्त वर्ष 2023 में इसकी हिंडालको के रेवेन्यू में 60 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी थी।