Hyundai का मेगा IPO: JP Morgan, Citi और HSBC को चुना गया एडवाइजर

Hyundai Motor India IPO: हुंडई भारत में दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी है। Hyundai को भारत में कारोबार शुरू किए हुए लगभग 30 साल हो चुके हैं। हुंडई मोटर इंडिया की थोक वाहन बिक्री जनवरी 2024 में सालाना आधार पर 8.5 प्रतिशत वृद्धि के साथ 67,615 यूनिट रही। हुंडई कॉरपोरेट वैल्यू बढ़ाने के लिए विदेशी सब्सिडियरीज की लिस्टिंग समेत कई गतिविधियों का लगातार रिव्यू कर रही है

अपडेटेड Feb 10, 2024 पर 10:34 AM
देश में अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ LIC का रहा है।

Hyundai Motor India IPO: साउथ कोरिया की हुंडई मोटर (Hyundai Motor) अपनी भारतीय यूनिट हुंडई मोटर इंडिया का आईपीओ लाना चाहती है। इसके लिए हुंडई ने इनवेस्टमेंट बैंकों JP Morgan, Citi और HSBC को एडवाइजर नियुक्त किया है। कहा जा रहा है कि कंपनी इस साल 30 अरब डॉलर तक की वैल्यूएशन पर कम से कम 3 अरब डॉलर का आईपीओ लाने की कोशिश में है। अगर ऐसा होता है तो यह भारत का सबसे बड़ा IPO होगा। देश में अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ LIC का रहा है। कंपनी ने आईपीओ से 2.7 अरब डॉलर जुटाए थे और साल 2022 में LIC शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी।

सोर्सेज से मिली जानकारी के मुताबिक, आगे चलकर अगर जरूरत हुई तो और इनवेस्टमेंट बैंकों को साथ लिया जाएगा। हुंडई इस साल जून तक IPO के लिए पेपर जमा कर सकती है। Hyundai को भारत में कारोबार शुरू किए हुए लगभग 30 साल हो चुके हैं। हुंडई भारत में दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी है।

कोरियाई स्टॉक एक्सचेंज को हुंडई ने क्या दी सूचना


भारत में लिस्टिंग की योजना पर मीडिया रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए, हुंडई मोटर कंपनी ने 7 फरवरी को कोरियाई स्टॉक एक्सचेंज को एक आधिकारिक बयान जारी किया था। हुंडई ने कहा कि एक वैश्विक कंपनी के रूप में, वह कॉरपोरेट वैल्यू बढ़ाने के लिए विदेशी सब्सिडियरीज की लिस्टिंग समेत कई गतिविधियों का लगातार रिव्यू कर रही है। लेकिन अभी कुछ कन्फर्म नहीं है।

जनवरी में हुंडई की बिक्री

हुंडई मोटर इंडिया की थोक वाहन बिक्री जनवरी 2024 में सालाना आधार पर 8.5 प्रतिशत वृद्धि के साथ 67,615 यूनिट रही। कंपनी की घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 14 प्रतिशत वृद्धि के साथ 57,115 यूनिट रही। जनवरी 2023 में घरेलू बिक्री 50,106 यूनिट थी। एक्सपोर्ट की बात करें तो हुंडई ने जनवरी 2024 में भारत से 10,500 यूनिट दूसरे देशों को भेजीं। यह आंकड़ा सालाना आधार पर 14 प्रतिशत कम है। जनवरी 2023 में कंपनी ने 12,170 यूनिट का एक्सपोर्ट किया था।

Vibhor Steel Tubes IPO : 13 फरवरी को खुलेगा इश्यू, क्या है कंपनी का प्लान, यहां जानिए तमाम डिटेल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।