भारत की सबसे तेजी से ग्रोथ करती पेंट कंपनी इंडिगो पेंट्स (Indigo Paints)का IPO ग्रे मार्केट में आईपीओ डिटेल्स के ऐलान के बाद अपने ईश्यू प्राइस के हायर बैंड 1490 रुपये से 50 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेडिंग करता नजर आ रहा है। 15 जनवरी को ग्रे मार्केट में इसका प्रीमियम 840-850 रुपये के आसपास था। इसका मतलब ये है कि 15 जनवरी को इसका ट्रेडिंग प्राइस 2,340-2,330 के बीच था। जबकि IPO Watch पर उपलब्ध आकंड़ों के मुताबिक, इसका इश्यू प्राइस 1490 रुपये है। ग्रे मार्केट में इस आईपीओ के प्रीमियम में जनवरी 11 से 15 जनवरी के बीच भारी उछाल देखने को मिला है।
बता दें कि ग्रे मार्केट एक ऐसा अनाधिकृत ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म है जहां पर किसी शेयर की IPO में एलॉटमेंट के पहले से लेकर बाजार में लिस्ट होने की तिथि के बीच की अवधि में ट्रेडिंग होती है। इसमें शेयर की ट्रेडिंग उसके बाजार में लिस्ट होने की अनुमानित भाव के आधार पर होती है।
बता दें कि देश की पांचवीं सबसे बड़ी डेकोरेटिव पेंट कंपनी इंडिगो पेंट्स का IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 20 जनवरी को खुलेगा और 22 जनवरी को बंद होगा। इंडिगो पेंट्स की योजना IPO के जरिए 300 करोड़ रुपए जुटाने की है। कंपनी के प्रमोटर्स और इनवेस्टर्स 58.40 लाख शेयरों की बिक्री करेंगे। ऑफर फॉर सेल (OFS) में 20.05 लाख शेयर सीकोइया कैपिटल इनवेस्टमेंट IV. 21.65 लाख इक्विटी शेयर SCI इनवेस्टमेंट्स V और 16.7 लाख इक्विटी शेयर प्रमोटर हेमंत जालान बेचने वाले हैं। कंपनी के 70,000 इक्विटी शेयर कर्मचारियों के सब्सक्रिप्शन के लिए रिजर्व रहेगा। इसका प्राइस बैंड 1480-1490 रुपए तय किया गया है। इसका एक लॉट 10 शेयरों का होगा।
कंपनी आईपीओ के पैसे का इस्तेमाल तमिलनाडु के पुड्डुकोटाई की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के विस्तार में करेगी। इसके अलावा 150 करोड़ रुपए की लागत से एक अलग प्लांट लगाया जाएगा। कंपनी के पास तीन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। ये प्लांट राजस्थान के जोधपुर, केरल के कोच्चि और पुड्डुकोटई में है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
