IPO GMP : टाटा टेक की लिस्टिंग पर बंपर मुनाफे की उम्मीद, तो फेडबैंक कर सकता है निराश
IPO GMP : पिछले हफ्ते निवेशकों के पास पांच मेनबोर्ड आईपीओ में सब्सक्रिप्शन के मौके थे, जिनमें IREDA, टाटा टेक्नोलॉजीज, फ्लेयर राइटिंग, फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज और गांधार ऑयल रिफाइनरी शामिल हैं। इन पांच आईपीओ के लिए कुल 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां लगाई गई
पिछला हफ्ता प्राइमरी मार्केट के लिए हाल के सालों में सबसे बिजी हफ्तों में से एक था।
IPO GMP : पिछला हफ्ता प्राइमरी मार्केट के लिए हाल के सालों में सबसे बिजी हफ्तों में से एक था। इस दौरान निवेशकों के पास पांच मेनबोर्ड आईपीओ में सब्सक्रिप्शन के मौके थे, जिनमें IREDA, टाटा टेक्नोलॉजीज, फ्लेयर राइटिंग, फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज और गांधार ऑयल रिफाइनरी शामिल हैं। इन पांच आईपीओ के लिए कुल 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां लगाई गई। इसमें अकेले टाटा टेक्नोलॉजीज के पब्लिक इश्यू में 1.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां लगी।
ये सभी इश्यू ओवरसब्सक्राइब हो गए और अब ज्यादातर स्टॉक ग्रे मार्केट में अच्छे प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। ज्यादातर निवेशक लिस्टिंग प्राइस का अंदाजा लगाने के लिए ग्रे मार्केट प्रीमियम (जीएमपी) पर नजर रखते हैं।
Tata Technologies
साल 2023 में इश्यू साइज के मामले में टाटा टेक तीसरी सबसे बड़ी कंपनी रही। इसने अपने इश्यू पर सबसे अधिक संख्या में एप्लिकेशन (73.58 लाख) हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया। टाटा ग्रुप की कंपनी ने पेटीएम के बाद देश के सबसे बड़े आईपीओ एलआईसी ऑफ इंडिया के 73.38 लाख एप्लिकेशन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 80 फीसदी से अधिक के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इसका मतलब है कि 500 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले शेयरों की लिस्टिंग 910 रुपये के भाव पर होने की संभावना है।
यह आईपीओ कुल 69.43 गुना सब्सक्राइब हुआ है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व कोटा रिकॉर्ड 203.41 गुना बुक किया गया। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का हिस्सा 62.11 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 16.50 गुना बुक किया गया है।
मेहता इक्विटीज में रिसर्च एनालिस्ट सीनियर वीपी रिसर्च प्रशांत तापसे का कहना है कि लिस्टिंग के बाद हेल्दी लॉन्ग टर्म रिटर्न को ध्यान में रखते हुए 50 फीसदी मुनाफा बुक किया जा सकता है और बाकी को लंबी अवधि के लिए होल्ड करना चाहिए।
Indian Renewable Energy (IREDA)
IREDA के आईपीओ को निवेशकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिली और यह 38.8 गुना सब्सक्राइब हुआ। यह इश्यू 21 से 23 नवंबर के दौरान सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इसके तहत क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के हिस्से को 104.57 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। इसके बाद हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल ने 24.16 गुना और खुदरा निवेशकों ने 7.73 गुना बोली लगाई।
ग्रे मार्केट की बात करें तो स्टॉक आज 37 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से लिस्टिंग 32 रुपये के ऑफर प्राइस के मुकाबले लगभग 44 रुपये के आस पास हो सकती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि हाई सब्सक्रिप्शन डिमांड और बेहतर मार्केट सेंटीमेंट को ध्यान में रखते हुए आईपीओ के तहत 25 फीसदी और उससे अधिक के लिस्टिंग गेन की उम्मीद की जा सकती है।
तापसे ने कहा, हम शॉर्ट टर्म निवेशकों को 25 फीसदी गेन से अधिक मुनाफा बुक करने की सलाह देते हैं। वहीं, लॉन्ग टर्म निवेशक रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की पहल को ध्यान में रखते हुए होल्ड कर सकते हैं।
Flair Writing Industries IPO
फ्लेयर राइटिंग इंडस्ट्रीज का आईपीओ 46.68 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इस आईपीओ को 1.44 करोड़ के इश्यू साइज के मुकाबले 67.28 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली। खुदरा निवेशकों ने 13.01 गुना खरीदारी की, NII ने 33.37 गुना खरीदारी की और क्यूआईबी ने अपने आवंटित कोटा से 115.6 गुना खरीदारी की।
ग्रे मार्केट की बात करें तो यह इश्यू आज 28 नवंबर को 27.30 फीसदी के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से शेयरों की लिस्टिंग 387 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। स्टॉक का ऑफर प्राइस 388-304 रुपये रखा गया था। स्टॉकबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट पार्थ शाह को उम्मीद है कि स्टॉक 304 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस से लगभग 25 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट होगा।
Gandhar Oil Refinery
गांधार ऑयल रिफाइनरी के आईपीओ में भी निवेशकों ने जमकर दांव लगाया और यह कुल 64.07 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसे 2.12 करोड़ शेयरों के मुकाबले 136.1 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली। खुदरा निवेशकों के लिए अलग रखा गया हिस्सा 28.95 गुना और HNI का हिस्सा 62.2 गुना बुक किया गया।
ग्रे मार्केट की बात करें तो आज यह इश्यू 38.46 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से स्टॉक 169 रुपये प्रति शेयर के आईपीओ मूल्य के मुकाबले 235 रुपये के आसपास लिस्ट हो सकता है। मेहता इक्विटीज के रिसर्ट एनालिस्ट राजन शिंदे का मानना है कि 169 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस के मुकाबले 30-40 फीसदी के बीच हेल्दी लिस्टिंग गेन की संभवना है।
Fedbank Financial Services
अन्य आईपीओ की तुलना में Fedbank Financial Services के आईपीओ को फीकी प्रतिक्रिया मिली और यह 2.2 गुना ही सब्सक्राइब हो सका। निवेशकों ने 5.6 करोड़ के इश्यू साइज के मुकाबले 12.3 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई। खुदरा निवेशकों ने अपने आवंटित कोटे के 1.82 गुना शेयर खरीदे, NII ने 1.45 गुना शेयर खरीदे, जबकि क्यूआईबी ने उनके लिए रिजर्व शेयरों को 3.51 गुना सब्सक्राइब किया।
निवेशकों की सुस्त दिलचस्पी के बाद फेडबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज का जीएमपी फ्लैट है। हालांकि, जब इश्यू के लिए प्राइस की घोषणा की गई थी, तब यह 5-10 रुपये प्रति शेयर के प्रीमियम पर कारोबार कर रहा था। शिवानी न्याति को फ्लैट या नेगेटिव लिस्टिंग की उम्मीद है और उन्होंने निवेशकों को संभावित शॉर्ट टर्म नुकसान के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है।