पेमेंट्स सॉल्यूशंस से जुड़ी Paytm के बोर्ड की ओर से 22,000 करोड़ रुपये के इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को अप्रूवल देने की रिपोर्ट है। इस फाइनेंशियल ईयर में 10 से अधिक फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनियों की शेयर मार्केट में लिस्टिंग के जरिे 55,000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की योजना है।
इनवेस्टमेंट बैंकर्स के अनुसार, कुछ इंश्योरेंस, एसेट मैनेजमेंट, कमर्शियल बैंकिंग, माइक्रोफाइनेंस, हाउसिंग फाइनेंस और पेमेंट बैंक कंपनियों ने पहले ही मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास IPO के लिए डॉक्यूमेंट जमा करा दिए हैं।
इन कंपनियों में आधार हाउसिंग फाइनेंस (7,500 करोड़ रुपये), पॉलिसी बाजार (4,000 करोड़ रुपये), एप्टस हाउसिंग फाइनेंस (3,000 करोड़ रुपये), स्टार हेल्थ इंश्योरेंस (2,000 करोड़ रुपये), फ्यूजन माइक्रोफाइनेंस (1,700 करोड़ रुपये), मेडि असिस्ट (840 करोड़ रुपये) और जना स्मॉल फाइनेंस बैंक (700 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
इनवेस्टमेंट बैंकर्स ने कहा कि इन सभी में पेटीएम का इश्यू अभी तक का सबसे बड़ा IPO हो सकता है। इससे पहले सबसे बड़ा IPO 2010 में कोल इंडिया का है जिसके जरिए सरकार ने 15,000 करोड़ रुपये के शेयर्स बेचे थे।
एनालिस्ट्स का मानना है कि मार्केट में चल रहा तेजी का दौर IPO के जरिए फंड जुटाने में कंपनियों की दिलचस्पी का बड़ा कारण है। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट, वी के विजयकुमार ने कहा कि आमतौर पर IPO मार्केट का प्रदर्शन सेकेंडरी मार्केट के सेंटीमेंट के साथ मजबूत संबंध रखता है।