16 फरवरी से शुरू हो रहे सप्ताह में देश में 2 नए IPO खुलने जा रहे हैं। इनमें से एक पब्लिक इश्यू मेनबोर्ड सेगमेंट का है। इसके अलावा नए हफ्ते में पहले से खुले एक IPO में भी पैसे लगाने का मौका रहेगा। नई लिस्ट होने वाली कंपनियों की बात करें तो 3 कंपनियों के शेयर नए शुरू हो रहे हफ्ते में अपनी शुरुआत करने वाले हैं। इनमें से 2 कंपनियां मेनबोर्ड सेगमेंट की हैं। आइए जानते हैं इस बारे में डिटेल...
1. Fractal Industries IPO: फ्रैक्टल इंडस्ट्रीज का आईपीओ, SME कैटेगरी के तहत 16 फरवरी को खुलेगा और 18 फरवरी को बंद होगा। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग BSE SME प्लेटफॉर्म पर होगी।
कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 205 से 216 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस इश्यू का लॉट साइज 600 शेयरों का है, यानी खुदरा निवेशकों को कम से कम 600 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा। इसके बाद निवेशक 600 के गुणकों में बोली लगा सकेंगे। ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट में निवेश के लिए लगभग 1.29 लाख रुपये की जरूरत पड़ेगी।
ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) की बात करें तो बाजार सूत्रों के अनुसार फिलहाल शेयर लगभग 6 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि जीएमपी केवल संकेतक होता है और लिस्टिंग तक इसमें उतार-चढ़ाव संभव है।
फ्रैक्टल इंडस्ट्रीज गारमेंट्स डिजाइन, सोर्सिंग और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में सक्रिय है। कंपनी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स जैसे AJIO और Myntra के लिए वेयरहाउसिंग और सप्लाई चेन सेवाएं भी प्रदान करती है।
आईपीओ से जुटाई गई राशि का उपयोग कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों और इश्यू से जुड़े खर्चों के लिए करेगी। इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर Finax Capital Advisors हैं, जबकि रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी KFin Technologies Ltd. के पास है।
2. Gaudium IVF & Women Health Ltd. IPO
दूसरा आईपीओ हेल्थकेयर सेक्टर से जुड़ा है। गौडियम आईवीएफ एंड वीमेन हेल्थ का आईपीओ मेनबोर्ड कैटेगरी के तहत 20 फरवरी को खुलेगा और 24 फरवरी को बंद होगा। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग NSE और BSE पर होगी।
हालांकि कंपनी ने अभी तक प्राइस बैंड और लॉट साइज की घोषणा नहीं की है। इसी तरह, फिलहाल इसके शेयरों के लिए ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) की शुरुआत भी नहीं हुई है। ऐसे में निवेशकों की नजर आगामी दिनों में आने वाले आधिकारिक ऐलानों पर रहेगी।
गौडियम आईवीएफ एंड वीमेन हेल्थ वर्ष 2015 से संचालन में है और ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल के जरिए कई राज्यों में आईवीएफ और महिला स्वास्थ्य केंद्र संचालित करती है। कंपनी का फोकस फर्टिलिटी सर्विसेज और महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं पर है। बढ़ती जागरूकता और फर्टिलिटी ट्रीटमेंट की मांग को देखते हुए इस सेक्टर में विकास की संभावनाएं मानी जा रही हैं।
Marushika Technology IPO: यह 12 फरवरी को खुला था और 16 फरवरी को बंद होगा। कंपनी ₹26.97 करोड़ जुटाना चाहती है। इश्यू अब तक 77 प्रतिशत भरा है। प्राइस बैंड ₹111-₹117 प्रति शेयर है। लॉट साइज 1200 शेयर है। कंपनी की लिस्टिंग NSE SME पर 19 फरवरी को होने वाली है।
नई लिस्ट होने वाली कंपनियां
नए सप्ताह में 16 फरवरी को BSE, NSE पर Fractal Analytics की लिस्टिंग होगी। इसी दिन Aye Finance की भी लिस्टिंग BSE, NSE पर होने वाली है। इसके बाद 19 फरवरी को NSE SME पर Marushika Technology लिस्ट हो सकती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।