Jana Small Finance Bank IPO: बेंगलुरु के जना स्मॉल फाइनेंस का आईपीओ 7 फरवरी को खुलने वाला है। इसके लिए प्राइस बैंड 393-414 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। आईपीओ में 9 फरवरी तक बोली लगाई जा सकेगी और इससे 570 करोड़ रुपये जुटाने का प्लान है। एंकर निवेशक 6 फरवरी को बोली लगा सकेंगे। जना स्मॉल फाइनेंस बैंक ने प्री-आईपीओ प्लेसमेंट में कई निवेशकों से 113.15 करोड़ रुपये जुटाए हैं। बैंक ने 10 रुपये के इश्यू प्राइस पर करीब 1.21 करोड़ कंपलसरी कनवर्टिबल प्रेफरेंस शेयर (CCPS) का प्री-आईपीओ प्लेसमेंट किया, जिसकी राशि 12.16 करोड़ रुपये थी। इसके साथ ही, प्राइवेट प्लेसमेंट के माध्यम से 101 करोड़ रुपये के कुल मूल्य पर 414 रुपये प्रति शेयर पर करीब 24.4 लाख इक्विटी शेयर भी जारी किए गए।
एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी, कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और अनंता कैपिटल वेंचर्स फंड 1 सबसे बड़े निवेशक थे, जिन्होंने 25 करोड़ रुपये, 20 करोड़ रुपये और 15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। मधु सिलिका, नवाट्रिस इन्वेस्टमेंट्स, धूत इंडस्ट्रियल फाइनेंस, अनिल सिंघवी, कैपरी ग्लोबल होल्डिंग्स, आरपीएम वेंचर पार्टनर्स, नेगेन अनडिस्कवर्ड वैल्यू फंड और एस फोर कैपिटल उन 16 निवेशकों में शामिल हैं, जिन्हें प्री-आईपीओ प्लेसमेंट में इक्विटी शेयर प्राप्त हुए।
जना स्मॉल फाइनेंस बैंक IPO से जुड़ी डिटेल
इस आईपीओ के तहत 462 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, छह निवेशकों की ओर से 108 करोड़ रुपये के 26,08,629 शेयरों की बिक्री OFS (Offer for Sale) के जरिए की जाएगी। OFS में Client Rosehill, CVCIGP II Employee Rosehill, Global Impact Funds, Growth Partnership II Ajay Tandon Co-Investment Trust, Growth Partnership II Siva Shankar Co-Investment Trust और Hero Enterprise Partner Ventures शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे।
कब होगी जना स्मॉल फाइनेंस बैंक IPO की लिस्टिंग
निवेशक 36 शेयरों के लॉट में बोली लगा सकते हैं। शेयर बाजार में जना स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों की लिस्टिंग 14 फरवरी को होगी। आईपीओ के लिए Axis Capital, ICICI Securities और SBI Capital Markets बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। बैंक ने अपने टियर-1 कैपिटल बेस को बढ़ाने के लिए नेट फ्रेश इश्यू की आय का इस्तेमाल करने की योजना बनाई है। 754 आउटलेट्स के साथ Jana SFB FY23 के अंत में AUM और डिपॉजिट साइज के मामले में चौथा सबसे बड़ा स्मॉल फाइनेंस बैंक है।