KRN Heat Exchanger and Refrigeration IPO: राजस्थान की कंपनी KRN हीट एक्सचेंजर एंड रेफ्रिजरेशन लिमिटेड का आईपीओ 25 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। निवेशकों के पास इसमें 27 सितंबर तक निवेश का मौका रहेगा। इस पब्लिक इश्यू के लिए प्राइस बैंड की घोषणा इस हफ्ते के अंत में की जाएगी। एंकर निवेशकों के लिए यह आईपीओ 24 सितंबर को एक दिन के लिए खुलेगा। इस आईपीओ के तहत केवल 1.55 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी। इसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय कंपनी को जाएगी।
KRN Heat Exchanger and Refrigeration कहां करेगी फंड का इस्तेमाल
कंपनी के इक्विटी शेयर BSE और NSE दोनों पर लिस्ट होंगे। होलानी कंसल्टेंट्स इस इश्यू के लिए एकमात्र बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज ऑफर के रजिस्ट्रार के रूप में काम कर रही है। हीट एक्सचेंजर्स बनाने वाली कंपनी अपनी सब्सिडियरी कंपनी KRN HVAC प्रोडक्ट्स द्वारा राजस्थान के अलवर में एक नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करने के लिए 242.46 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके अलावा, शेष फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। कंपनी ने 15 जुलाई तक इस मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के लिए 36.44 करोड़ रुपये खर्च कर दिए थे।
KRN Heat ने प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के जरिए जुटाए 9.54 करोड़ रुपये
KRN हीट एक्सचेंजर एंड रेफ्रिजरेशन ने हाल ही में इसने 200 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 4.77 लाख इक्विटी शेयरों के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के जरिए 9.54 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसलिए, नए इश्यू का आकार 4.77 लाख शेयरों से कम हो गया है। अगर 200 रुपये प्रति शेयर को अपर प्राइस बैंड माना जाए, तो आईपीओ का कुल साइज लगभग 310 करोड़ रुपये हो सकता है।
KRN Heat Exchanger and Refrigeration का बिजनेस
राजस्थान में मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के साथ केआरएन हीट एक्सचेंजर हीट वेंटिलेशन एयर कंडीशनिंग और रेफ्रिजरेशन इंडस्ट्री (HVAC&R) के लिए फिन और ट्यूब टाइप हीट एक्सचेंजर्स बनाती है। दस्तावेजों के अनुसार, कंपनी अपने प्रोडक्ट्स की सप्लाई करती है, जिसमें कंडेनसर कॉइल, इवेपोरेटर यूनिट, इवेपोरेटर कॉइल, हेडर/कॉपर पार्ट्स, फ्लूइड और स्टीम कॉइल और शीट मेटल पार्ट्स शामिल हैं।
ये प्रोडक्ट्स डाइकिन एयरकंडिशनिंग इंडिया, श्नाइडर इलेक्ट्रिक आईटी बिजनेस इंडिया, किर्लोस्कर चिलर्स, ब्लू स्टार, क्लाइमेवेंटा क्लाइमेट टेक्नोलॉजीज और फ्रिगेल इंटेलिजेंट कूलिंग सिस्टम्स इंडिया जैसे कस्टमर्स को उपलब्ध कराए जाते हैं।
KRN Heat Exchanger and Refrigeration का फाइनेंशियल
पिछले वर्षों में KRN हीट एक्सचेंजर एंड रेफ्रिजरेशन का वित्तीय प्रदर्शन मजबूत रहा है। मार्च 2024 को समाप्त वर्ष में कंपनी का प्रॉफिट 20.9 फीसदी बढ़कर 39 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2024 के दौरान रेवेन्यू 24.6 फीसदी बढ़कर 308.3 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 247.5 करोड़ रुपये था।