Landmark Cars IPO Opens Today: प्रीमियम और लग्जरी ऑटो ब्रांड की डीलर कंपनी लैंडमार्क कार्स (Landmark Cars) का इश्यू आज 13 दिसंबर को खुला। यह IPO 15 दिसंबर को बंद होगा। इश्यू खुलने से एक दिन पहले 12 दिसंबर को कंपनी ने एंकर इनवेस्टर्स से 165.30 करोड़ रुपए जुटाए। कंपनी ने BSE को दी गई जानकारी में बताया कि एंकर इनवेस्टर्स को 506 रुपए के भाव से 32.66 लाख शेयर बेचे गए हैं। कंपनी का इश्यू प्राइस 481-506 रुपए है। कुल 14 एंकर इनवेस्टर्स ने इश्यू में निवेश किया है। इनमें HDFC MF, निप्पॉन लाइफ इंडिया, गोल्डमैन सैक्स, आदित्य बिड़ला सनलाइफ, पाइनब्रिज ग्लोबल फंड्स, इडलवाइज, मावेन इंडिया फंड, BNP पारिबा आरबिट्राजस Resonance Opportunities Fund और मॉर्गन स्टैनली शामिल हैं।
Landmark Cars ने बताया कि कुल शेयरों में से 14.22 लाख शेयर 4 डोमेस्टिक म्यूचुअल फंड हाउसों को 4 स्कीम के तहत अलॉट किया गया है। कंपनी 552 करोड़ रुपए का इश्यू ला रही है। इसमें से 150 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू और 402 करोड़ रुपए का ऑफर फॉर सेल (OFS) है। कंपनी के प्रमोटर्स और प्राइवेट इक्विटी TPG Growth अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं। कंपनी के कर्मचारियों को 48 रुपए डिस्काउंट पर इश्यू मिलेगा।
Landmark Cars में निवेश करना क्या ठीक है?
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर आप लंबे समय तक रुक सकते हैं तो इस इश्यू में निवेश करना ठीक है। कंपनी नए स्टोर खोल रही है। इसके साथ ही बिक्री के साथ मार्जिन भी बढ़ रहा है। जिसका फायदा लॉन्ग टर्म निवेशकों को मिल सकता है।
Landmark Cars मर्सिडीज-बेंज, होंडा, जीप, फोक्सवैगन और रेनॉ की डीलर कंपनी है। इसके साथ ही भारत में अशोक लीलैंड के साथ कंपनी की कमर्शियल व्हीकल डीलरशिप है। नई गाड़ियों की बिक्री के साथ रिटेल वैल्यू चेन भी है। कंपनी आफ्टर सेल्स सर्विस और रिपेयर, सेकेंड हैंड गाड़ियों की बिक्री के साथ थर्ड पार्टी इंश्योरेंस प्रोडक्ट भी बेचने में मदद करती है।
कंपनी का फोकस प्रीमियम और लग्जरी ऑटोमोटिव सेगमेंट पर है। क्रिसिल रिसर्च को उम्मीद है कि फिस्कल ईयर 2022 से फिस्कल ईयर 2027 के बीच कंपनी के प्रीमियम सेगमेंट की ग्रोथ 10-12% CAGR से होगी।
इश्यू का 35 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों, 15 फीसदी हिस्सा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNI) और 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बॉयर्स (QIB) के लिए आरक्षित है। शेयरों का अलॉटमेंट 20 दिसंबर को फाइनल होगा और लिस्टिंग 23 दिसंबर को हो सकती है। इश्यू के लिए रजिस्ट्रार लिंक इनटाइम इंडिया है। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकता करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
Landmark Cars की बैलेंस शीट क्या कहता है?
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में सालाना आधार पर इसका रेवेन्यू 52 फीसदी की उछाल के साथ 2989 करोड़ रुपये पर रहा जबकि नेट प्रॉफिट इसी अवधि में 6 गुना बढ़कर 66 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जून 2022 तिमाही में कंपनी को 802 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 18 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हासिल हुआ।