LIC का आईपीओ 9 मई को बंद हो गया। इस आईपीओ का इंतजार लंबे समय से हो रहा था। इसका प्रचार महीनों पहले अखबार, वेबसाइट्स और टीवी चैनलों पर शुरू हो गया था। रिटेल इनवेस्टर्स, पॉलिसीहोल्डर्स और एंप्लॉयीज को डिस्काउंट ने इस आईपीओ को और अट्रैक्टिव बना दिया। लेकिन, अचानक आए आरबीआई के एक बड़े ऐलान ने इस आईपीओ की चमक घटा दी।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार दोपहर 2 बजे रेपो रेट 0.40 फीसदी बढ़ा दिया। इस खबर को सुनते ही शेयर बाजार डगमगाने लगा। कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 2 फीसदी से ज्यादा करीब 1300 अंक गिरकर बंद हुआ। ग्रे मार्केट में एलआईसी के शेयर पर प्रीमियम को भी बड़ा झटका लगा। अभी ग्रे मार्केट में प्रीमियम प्रति शेयर सिर्फ 16 रुपये रह गया है।
यह आईपीओ 2.95 गुना सब्सक्राइब हुआ। रिटेल इनवेस्टर्स का कोटा 1.99 गुना सब्सक्राइब हुआ। पॉलिसीहोल्डर्स का कोटा छह गुना सब्सक्राइब हुआ। यह देश का सबसे बड़ा आईपीओ था। हालांकि, सरकार ने यूक्रेन क्राइसिस के चलते स्टॉक मार्केट में आई गिरावट के बाद इस आईपीओ का आकार घटा दिया था।
क्या आपने इस आईपीओ में बोली लगाई है? अगर हां तो 17 मई को आपको फटाफट प्रॉफिट हो सकता है। यह शेयर 17 मई को स्टॉक एक्सचेंजों में लिस्ट होगा। आपका प्रॉफिट इस बात पर निर्भर करेगा कि आपने किस कैटेगरी में बोली लगाई है-पॉलिहोल्डर्स कैटेगरी में यह रिटेल इनवेस्टर्स कैटेगरी में।
एलआईसी ने पॉलिसीहोल्डर को प्रति शेयर 60 रुपये डिस्काउंट दिया है। रिटेल इनवेस्टर और एंप्लॉयीज को प्रति शेयर 45-45 रुपये का डिस्काउंट दिया गया है। एंकर इनवेस्टर्स, हाई नेटवर्थ इनवेस्टर्स और संस्थागत इनवेस्टर्स को कोई डिस्काउंट नहीं दिया गया है।
अभी ग्रे मार्केट में एलआईसी के शेयर पर 16 रुपये प्रीमियम चल रहा है। पॉलिसीहोल्डर्स को प्रति शेयर 60 रुपये का डिस्काउंट मिल रहा है। इसका मतलब है कि अगर हम 949 रुपये शेयर का कट-ऑफ प्राइस मान लें तो इसका मतलब है कि डिस्काउंट के बाद फाइनल प्राइस प्रति शेयर 889 रुपये आएगा। अगर यह शेयर 16 रुपये के प्रीमियम के साथ लिस्ट होता है तो यह कम से कम 965 रुपये पर लिस्ट होगा।
अगर शेयर 965 रुपये पर लिस्ट होता है तो पॉलिसीहोल्डर को प्रति शेयर 76 रुपये का प्रॉफिट होगा। इस तरह अगर आपको शेयरों का एक लॉट एलॉट होता है तो प्रति शेयर 76 रुपये की दर से आपको कम से कम 1140 रुपये (15X76) का प्रॉफिट होगा। अगर आपने रिटेल इनवेस्टर्स कोटे में अप्लाई किया है तो 45 रुपये डिस्काउंट के बाद प्रति शेयर फाइनल प्राइस 904 रुपये होगा।
अगर शेयर 965 रुपये पर लिस्ट होता है तो प्रति शेयर आपको 61 रुपये का प्रॉफिट होगा। अगर आपको एक लॉट एलॉट होता है तो आपका कुल प्रॉफिट 915 रुपये (15X61) होगा। यह अनुमान ग्रे मार्केट में एलआईसी के शेयर पर चल रहे प्रीमियम के आधार पर लगाया गया है। अगर शेयर ज्यादा प्रीमियम के साथ लिस्ट होता है तो आपका प्रॉफिट बढ़ जाएगा।