Honasa Consumer IPO : दो दिनों की सुस्ती के बाद Mamaearth की पेरेंट कंपनी होनासा कंज्यूमर का आईपीओ पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। इसे कुल 7.61 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। अब कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 7 नवंबर को होने वाली है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि होनासा कंज्यूमर के शेयरों की फ्लैट लिस्टिंग हो सकती है या निवेशकों को मामूली मुनाफा हो सकता है। यह आईपीओ 1701 करोड़ रुपये का है। इसके लिए 308-324 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया था।
मेहता इक्विट्स के रिसर्च एनालिस्ट और सीनियर वीपी रिसर्च प्रशांत तापसे ने कहा कि सब्सक्रिप्शन डेटा अनुमान से बेहतर रहे। उन्हें फ्लैट लिस्टिंग की उम्मीद है। उन्होंने अलॉटेड कंजर्वेटिव निवेशकों को लिस्टिंग के दिन मुनाफा बुक करने और लिस्टिंग के बाद बेहतर मूल्य के लिए इंतजार करने की सलाह दी है। वहीं, उन्होंने कहा कि रिस्क-टेकर्स इसे लॉन्ग-टर्म के लिए होल्ड कर सकते हैं।
हालांकि, स्टॉक्सबॉक्स की रिसर्च एनालिस्ट अनुशी वखारिया को उम्मीद है कि अच्छे सब्सक्रिप्शन आंकड़ों के कारण स्टॉक मामूली बढ़त के साथ खुलेगा। कई एनालिस्ट्स ने पहले निवेशकों को इसके हाई वैल्यूएशन, FY23 में 150 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान, मार्केटिंग पर अधिक खर्च और थर्ड पार्टी मैन्युफैक्चरर्स और इसके फ्लैगशिप ब्रांड मामाअर्थ पर निर्भरता के कारण इश्यू को सब्सक्राइब करने से बचने की सलाह दी थी।
वखारिया ने कहा कि निवेशकों को लिस्टिंग के दिन मुनाफा होने पर इसे बुक करना चाहिए। प्रॉफिटेबिलिटी में लगातार और स्थायी सुधार के बाद कंपनी में दोबारा निवेश पर विचार किया जा सकता है।
ग्रे मार्केट में होनासा कंज्यूमर के आईपीओ को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अनलिस्टेड मार्केट में आज 6 नवंबर को यह इश्यू 8.64 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 352 रुपये के भाव पर होने की संभावना है।
7.61 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू
Mamaearth IPO को तीसरे दिन तक 7.61 गुना सब्सक्राइब किया गया। इसके तहत खुदरा निवेशकों के हिस्से को 1.35 गुना, NII वाले हिस्से को 4.02 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के हिस्से को 11.50 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्से को 4.87 गुना सब्सक्राइब किया गया।