Mankind Pharma IPO: सबसे अधिक बिकने वाले कॉन्डोम ब्रांड में शुमार मैनफोर्स (Manforce) की पैरेंट कंपनी मैनकाइंड फार्मा के आईपीओ का प्राइस बैंड फिक्स हो गया है। मैनकाइंड फार्मा ने 4326 करोड़ रुपये के इश्यू के लिए 1026-1080 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है। पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए अगले हफ्ते 24 अप्रैल को खुलेगा। कंपनी के प्रमोटर्स और शेयरहोल्डर्स 4 करोड़ से अधिक शेयरों की बिक्री करेंगे। अब अगर ग्रे मार्केट की बात करें तो इसके शेयर प्राइस बैंड के अपर प्राइस के हिसाब से 80 रुपये की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर ट्रेड हो रहे हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स के आधार पर निवेश का फैसला लेना चाहिए।
Mankind Pharma IPO की डिटेल्स
मैनकाइंड फार्मा के 4,326 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत प्रमोटर और शेयरहोल्डर्स अपनी हिस्सेदारी कम करेंगे। ओएफएस विंडो के जरिए रमेश जुनेजा 37.1 लाख, राजीव जुनेजा 35.1 लाख, शीतल अरोड़ा 28 लाख , केयर्नहिल सीआईपीईएफ 1.74 करोड़, केयर्नहिल सीजीपीई 26.2 लाख, बेईज 99.6 करोड़ और लिंक इनवेस्टमेंट 50 हजार शेयरों की बिक्री करेंगे। यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 25 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच खुला रहेगा। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 24 अप्रैल को खुलेगा। इसके लिए 1026-1080 रुपये का प्राइस बैंड और 13 शेयरों का लॉट तय किया गया है।
इश्यू का आधा हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB), 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। इस इश्यू के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेफरीज, आईआईएफएल कैपिटल, एक्सिस कैपिटल और जेपी मॉर्गन लीड मैनेजर्स हैं। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 3 मई को होगा। इसके बाद एनएसई-बीएसई पर 8 मई को एंट्री होगी।
Mankind Pharma के बारे में डिटेल्स
मैनकाइंड फार्मा की शुरुआत रमेश जुनेजा ने की थी। इसमें क्रिस कैपिटल और कैपिटल इंटरनेशल जैसे प्राइवेट इक्विटी फर्म ने पैसे लगाया हुआ है। कारोबार की बात करें तो इसका सबसे अधिक फोकस घरेलू मार्केट पर है और वित्त वर्ष 2022 के नतीजों के हिसाब से यहां से उसे 97.60 फीसदी रेवेन्यू हासिल होता है। इसके करीब 36 ब्रांड्स हैं। यह मैनफोर्स कॉन्डोम, प्रेग्नेंसी टेस्ट किट प्रेगा न्यूज और इमरजेंसी कांट्रासिप्टिव ब्रांड अनवांटेड-72 के ब्रांड नाम से प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है। इसके अलावा यह एंटएसिड पाउडर्स (गैस-ओ-फास्ट), विटामिन और मिनरल सप्लीमेंट्स (हेल्थ ओके ब्रांड) और एंटी-एक्ने प्रीपेरेशंस (एक्नेस्टार ब्रांड) जैसे हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स को भी बनाकर बेचती है।