Medi Assist IPO: मेडी असिस्ट हेल्थकेयर का आईपीओ अच्छा है या बुरा? इसमें दांव लगाना चाहिए या नहीं? इस वीडियो में आज हम इस आईपीओ की पूरे डिटेल से स्टडी करेंगे। मेडी असिस्ट हेल्थकेयर का आईपीओ आज 15 जनवरी से बोली के लिए खुला है और पहले ही दिन इसे करीब 55 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला है। लेकिन इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम पर नजर डालें, तो यह परेशान करने वाला है। पिछले एक हफ्ते मेडी असिस्ट का GMP यानी ग्रे मार्केट प्रीमियम 19 फीसदी से गिरकर 7 फीसदी पर आ गया है। दूसरी तरफ अगर एक्सपर्ट्स के नजरिए की बात करें, तो कई एनालिस्ट्स से इसके वाजिब वैल्यूएशन को देखते हुए इसमें निवेश की सलाह दी। वहीं कुछ ने इस आईपीओ में कई सारे कारणों से सतर्क रहने की सलाह दी है। आइए इस सबको एक-एक कर समझते हैं-
1. Medi Assist का बिजनेस क्या है?
मेडी असिस्ट हेल्थकेयर, एक थर्ड-पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर यानी TPA कंपनी है, जो बीमा कंपनियों को अपनी सेवाएं देती हैं। टीपीए एक तरह से हेल्थ इंश्योरेंस देने वाली बीमा कंपनी और पॉलिसीधार के बीच का लिंक होती है। बीमाधारक जब भी कोई हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम करता है, तो ये टीपीए ही उस क्लेम को प्रॉसेस करते हैं। इसके अलावा ये पॉलिसीधारकों को कस्टमर सर्विस और नेटवर्क मैनेजमेंट भी मुहैया कराती हैं। मेडी असिस्ट की कुल तीन सब्सिडियरी कंपनियां है- मेडी असिस्ट टीपीए, मेडवांटेज टीपीए और रक्षा टीपीए। इन्हीं तीनों कंपनियों के जरिए ये अपनी सेवाएं देती है। इसने देश भर में एक बड़ा नेटवर्क बनाया है। सितंबर तिमाही तक के आंकड़ों के मुताबिक, देश के छोटे-बड़े 1,069 शहरों में 18,754 अस्पताल इसके नेटवर्क में हैं। इसके अलावा 141 देशों में भी इसकी उपस्थिति है।
मेडी असिस्ट का आईपीओ 15 से 17 जनवरी के बीच खुला है। कंपनी करीब 1,171.58 करोड़ रुपये इस आईपीओ से जुटाने वाली है। कुल 2.8 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा गया है और हर शेयर का भाव 397 से 418 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। शेयरों का अलॉटमेंट 18 जनवरी को फाइनल होगा और लिस्टिंग इसकी 22 जनवरी को होते हुए दिख सकती है। हालांकि यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि यह पूरा आईपीओ ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है। यानी इस आईपीओ से कंपनी को कोई पैसा नहीं मिलने वाला है। सभी शेयर इसके मौजूदा शेयरधारकों की ओर से बेचा रहा है, तो पैसे भी उन्हीं के खाते में जाएंगे।
3. Medi Assist की वित्तीय सेहत
वित्त वर्ष 2023 में इसका शुद्ध मुनाफा 18.7 फीसदी बढ़कर 75.31 करोड़ रुपये रह। जबकि रेवेन्यू 28.2 फीसदी बढ़कर 504.9 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का EBITDA 30.8 फीसदी बढ़कर 119.35 करोड़ रुपये रहा, जबकि प्रॉफिट मार्जिन 40 बीपीएस बढ़कर 23.6 फीसदी पर पहुंच गया। हालांकि इस वित्त वर्ष के पहले 6 महीने में इसका मुनाफा 34 फीसदी घटकर 24.3 करोड़ रुपये रहा है। लेकिन इसका रेवेन्यू मजबूत रहा है और यह 24 फीसदी बढ़कर 302 करोड़ रुपये रहा।
4. Medi Assist IPO का वैल्यूएशन
ऊपरी प्राइस बैंड पर, मेडी असिस्ट की वैल्यू इसके वित्त वर्ष 2023 की अर्निंग के 38.2 गुना पीई पर लगाई गई है। जबिक इसका मार्केट कैप 2,878.3 करोड़ रुपये आता है। सितंबर तिमाही में इसका RoE यानी रिटर्न ऑन कैपिटल 5.82 फीसदी रहा, जबकि रिटर्न ऑन कैपिटल गुना 11.23 फीसदी रहा।
5. क्या आपको Medi Assist IPO में दांव लगाना चाहिए?
आनंद राठी की मानें तो इस आईपीओ में आपको लंबी-अवधि के लिहाज से निवेश करना चाहिए। ब्रोकरेज ने कहा कि यह देश की सबसे बड़ी एस्टैब्लिश टीपीए कंपनी है और हमारे हिसाब से इसका वैल्यूएशन भी वाजिब है। चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग ने भी इसे सब्सक्राइब कि सलाह दी है और कहा कि मेडी असिस्ट का टीपीए मार्केट में काफी मजबूत है। इसकी वित्तीय सेहत अच्छी है और कैश फ्लो तगड़ा है। ऐसे में इस पर दांव लगाया जाता सकता है। वहीं मेहता इक्विटी ने कहा कि भारत में अभी हेल्थ इंश्योरेंस में ग्रोथ की काफी संभावनाएं है। ऐसे में मेडी असिस्ट के पास इस ग्रोथ को भुनाने का काफी शानदार मौका है। मेहता इक्विटीज ने कहा कि हम निवेशकों को सिर्फ लॉन्ग-टर्म के लिए इसे सब्सक्राइब करने की सलाह देते हैं।
स्वास्तिका इनवेस्टमार्ट ने दी न्यूट्रल रेटिंग
हालांकि स्वास्तिका इनवेस्टमार्ट का रुख इस पर अलग है। ब्रोकरेज ने इस आईपीओ को न्यूट्रेल रेटिंग दी है और कहा कि मेडी असिस्ट के रेवेन्यू का एक बड़ा हिस्सा सिर्फ कुछ सीमित ग्राहकों से आता है। इसकी अपनी सब्सिडियरी पर काफी अधिक निर्भरता है। इसके अलावा यह पूरी तरह ऑफर-फॉर-सेल है, जिससे प्रीमियम वैल्यूएशन के साथ ऑफर किया गया है। ऐसे में स्वास्तिका इनवेस्टमार्ट ने इस इश्यू पर सतर्क रहने की सलाह दी है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।