Nexus Select Trust IPO: ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म ब्लैकस्टोन के निवेश वाली फर्म नेक्सस सलेक्ट ट्रस्ट (Nexus Select Trust) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आगामी 9 मई को बोली के लिए खुलेगा और 11 मई को बंद होगा। यह रिटेल प्रॉपर्टी वाली देश की पहली रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (REIT) है। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन पहले यानी 8 मई को खुलेगा। आईपीओ की बोली पूरा होने के बाद 16 मई को इसके शेयरों का अलॉटमेंट होगा। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके खाते में 17 मई को पैसे रिफंड कर दिए जाएंगे। जबकि 19 मई को इसकी स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्टिंग हो सकती है।
IPO का कुल साइज करीब 3,200 करोड़ है। इसमें 1,400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि बाकी 1,800 करोड़ रुपये के मौजूद निवेशक अपने शेयर बिक्री के लिए रखेंगे।
IPO में नए शेयरों की बिक्री से जो रकम मिलेगी, उसमें से 250 करोड़ रुपये का इस्तेमाल इसके एसेट SPV और इनवेस्टमेंट एंटिटी से जुड़ी वित्तीय देनदारियों के पुनर्भुगतान के लिए किया जाएगा। दिसंबर 2022 तक के आंकड़ों के मुताबिक, इसके एसेट SPV पर बैंकों का करीब 4,705.12 करोड़ रुपये बकाया था, जबकि डेट सिक्योरिटीज के तौर पर 126.80 करोड़ रुपये का भुगतान बाकी है।
यह भी पढ़ें- अदाणी-हिंडनबर्ग मामला: SEBI ने जांच पूरा करने के लिए सुप्रीम कोर्ट से मांगा 6 महीने और समय
इसके अलावा फर्म बाकी 1,050 करोड़ रुपये का इस्तेमाल एसेट SPV में हिस्सेदारी के अधिग्रहण और डेट सिक्योरिटीज को रिडीम करने में करेगी।
नेक्सस सिलेक्ट ट्रस्ट ने ओलिव कमर्शियल कंपनी लिमिटेड से नेक्सस इंदौर सेंट्रल (NMMCPL) में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए आय के एक हिस्से का इस्तेमाल का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा यह WRPL में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने और कुछ स्पॉन्सर ग्रुप की संस्थाओं की ओर से WRPL को जारी डेट सिक्योरिटीज को भुनाने की भी योजना बना रहा है।
बता दें कि इस भारतीय शेयर बाजार में कुल 3 रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (REIT) सूचीबद्ध हैं। इसमें एंबेसी ऑफिस पार्क REIT, माइंडस्पेस बिजनेस पार्क REIT और ब्रुकफील्ड इंडिया रियल एस्टेट ट्रस्ट शामिल हैं। हालांकि ये तीनों ही REIT लीज पर ऑफिस स्पेस देने के कारोबार में है। Nexus Select Trust, शेयर बाजार में पहला ऐसा REIT होगा, जिसके पास रिटेल मॉल और रियल एस्टेट एसेट्स हैं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।