Nexus Select Trust REIT IPO: नेक्सस सलेक्ट ट्रस्ट के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को बुधवार को बोली के दूसरे दिन तक 57 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला। नेक्सस सलेक्ट ट्रस्ट, देश के प्रमुख रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट्स (REIT) में से एक है। एक्सचेंज पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने अपने IPO के तहत 18.52 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा है। इसके बदले में उसे बुधवार को बोली खत्म होने के समय तक 10.55 करोड़ शेयरों के लिए सब्सक्रिप्शन मिला है। कंपनी को सबसे अधिक बोली नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) से मिली है, जिन्होंने अपने कोटे के लिए आरक्षित शेयरों का करीब 1.05 गुना सब्सक्राइब किया है।
वहीं क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने अपने लिए आरक्षित शेयरों का हिस्सा अभी तक 17 फीसदी सब्सक्राइब किया है। नेक्सस सलेक्ट ट्रस्ट REIT अपने IPO से कुल करीब 3,200 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसमें से 1,400 करोड़ रुपये फ्रेश इश्यू जारी कर जुटाए जा रहे हैं। जबकि बाकी 1,800 करोड़ रुपये के शेयरों को कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों ने अपनी ओर से बिक्री के लिए रखा है।
आईपीओ खुलने से एक दिन पहले नेक्सस सलेक्ट ट्रस्ट ने एंकर निवेशकों से 1,440 करोड़ रुपये जुटाए थे। आईपीओ के लिए बोली लगाने की आखिरी तारीख कल यानी गुरुवार 11 मई है। इसके लिए 95 से 100 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है।
नेक्सस सलेक्ट ट्रस्ट ने बताया था वह फ्रेश इश्यू जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल अपने कर्ज को कम करने, अधिग्रहण और डेट सिक्योरिटीज को भुनाने में करेगी। कंपनी के शेयरों के अलॉटमेंट के लिए 16 मई और फिर बीएसई-एनएसई पर लिस्टिंग के लिए 19 मई का दिन फिक्स है। इश्यू का रजिस्ट्रार केफिन टेक है।
Nexus Select Trust IPO GMP
अनलिस्टेड मार्केट पर नजर रखने वाले जानकारों के मुताबिक, नेक्सस सलेक्ट ट्रस्ट के शेयर बुधवार को ग्रे मार्केट में 5 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि जानकारों का यह भी कहना है कि किसी भी आईपीओ के बारे में एक ठोस रॉय बनाने के लिए निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम को नहीं देखना चाहिए। असलियत में कंपनी की वित्तीय सेहत ही उसकी सही तस्वीर बताती है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट देश का दिग्गज रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट है। यह देश का सबसे बड़ा मॉल प्लेटफॉर्म है और इसके पास देश के 14 अहम शहरों में घनी आबादी वाले आवासीय इलाकों में टॉप क्वालिटी के 17 एसेट्स हैं। इसमें दिल्ली का सेलेक्ट सिटीवाक, नवी मुंबई का नेक्सस सीवुड्स, बेंगलूरु का नेक्सस कोरमांगला, चंडीगढ़ का नेक्सस एलांटे और अहमदाबाद का नेक्सस अहमदाबाद वन शामिल है। यहां 1000 से अधिक देशी-विदेशी ब्रांड्स करीब 3000 स्टोर्स में अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री करते हैं जिसमें एपल, जारा, एचएंडएम, सेफोरा, सुपरड्राई, शॉपर्स स्टॉप, स्टारबक्स, मैकडी शामिल हैं।
अब कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2022 में इसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 906.98 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,318.21 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं इसका नेट लॉस भी इस अवधि में 199.11 करोड़ रुपये से घटक 10.95 करोड़ रुपये पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2022 में इसका रेवेन्यू 1,463.15 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 257 करोड़ रुपये रहा।