L&T Q4 results: देश की दिग्गज इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने 10 मई को 31 मार्च 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अवधि में कंपनी का कंसोलीडेट्ड मुनाफा सालाना आधार पर 10 फीसदी की बढ़त के साथ 3987 करोड़ रुपए पर रहा है। जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 3621 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। 31 मार्च 2023 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही में कंपनी की आय भी सालाना आधार पर 10 फीसदी की बढ़त के साथ 52851 करोड़ रुपए पर रही है। वहीं, पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में ये 52851 करोड़ रुपए पर रही थी। चौथी तिमाही में कंपनी की आय में इंटरनेशनल कारोबार से होने वाली कमाई की हिस्सेदारी 39 फीसदी रही है।
अनुमान से कमजोर रहे नतीजे
मनीकंट्रोल के एक पोल के मुताबिक मार्च तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड आय सालाना आधार पर 11.3 फीसदी की बढ़त के साछ 58839.13 करोड़ रुपये पर रहने की उम्मीद थी। इसी तरह इस पोल में मुनाफा 16 फीसदी की बढ़त के साथ 4182.10 करोड़ रुपये पर रहने का अनुमान किया गया था। इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड ने 24 रुपए प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड का भी ऐलान किया है जो शेयर होल्डरों की मंजूरी के अधीन है।
कंपनी ने बताया है कि 31 मार्च, 2023 को समाप्त तिमाही में कंपनी को कुल 76099 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले थे। इस अवधि में कंपनी की ऑर्डर बुक में सालाना आधार पर 3 फीसदी की बढ़त हुई है। चौथी तिमाही में कंपनी को 36046 करोड़ रुपये के इंटरनेशनल ऑर्डर मिले, जो कुल ऑर्डर का 47 फीसदी है।
एलएंडटी ने बताया है कि 31 मार्च, 2023 तक एलएंडटी समूह की कंसोलीडेटेड ऑर्डर बुक 399526 करोड़ रुपये की थी, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर की हिस्सेदारी 28 फीसदी थी। 399526 करोड़ रुपये की इस ऑर्डर बुक में 31 मार्च, 2022 से 31 मार्च, 2023 तक 12 फीसदी की बढ़त हुई है। 31 मार्च, 2022 तक कंपनी के पास 357595 करोड़ रुपये के ऑर्डर थे।
एलएंडटी का मानना है कि सरकार के मजबूत टैक्स कलेक्शन कैपेक्स-आधारित ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा। इसके अलावा देश में बैंकों की बैलेंस शीट प्रोजेक्ट्स को धन उधार देने के लिए काफी मजबूत स्थिति में है। इस अनिश्चितता भरे महौल में भी कंपनी मध्यम अवधि में अपनी ग्रोथ की संभावनाओें को लेकर आशावादी है।