NTPC Green Energy IPO: खुलने से पहले ग्रे मार्केट में कमजोरी, लेकिन ब्रोकरेज बुलिश, क्या आपको करना चाहिए निवेश?

NTPC Green Energy IPO: ग्रे मार्केट के रुझानों पर नजर रखने वाले एक्सपर्ट्स के अनुसार एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी के शेयर अन-ऑफिशियल मार्केट में 1-2 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 109 रुपये के भाव पर होने की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को मामूली प्रॉफिट होगा

अपडेटेड Nov 19, 2024 पर 1:08 AM
Story continues below Advertisement
NTPC Green Energy IPO: एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड का आईपीओ कल यानी 19 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है।

NTPC Green Energy IPO GMP: एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड का आईपीओ कल यानी 19 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। पब्लिक इश्यू के लिए प्रति शेयर 102-108 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। निवेशकों के पास इसमें 22 नवंबर तक निवेश का मौका रहेगा। कमजोर मार्केट सेंटीमेंट के बीच खुलने से पहले इस आईपीओ के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में गिरावट देखने को मिल रही है। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 10000 करोड़ रुपये जुटाने का है। इसमें केवल फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे और OFS कंपोनेंट नहीं है। इसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय कंपनी को जाएगी।

NTPC Green Energy IPO का लेटेस्ट GMP

ग्रे मार्केट के रुझानों पर नजर रखने वाले एक्सपर्ट्स के अनुसार एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी के शेयर अन-ऑफिशियल मार्केट में 1-2 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 109 रुपये के भाव पर होने की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को मामूली प्रॉफिट होगा। बता दें कि 9 नवंबर को यह पब्लिक इश्यू 25 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था, जिसका मतलब है कि इसके GMP में बड़ी गिरावट देखी गई है। हालांकि, ग्रे मार्केट की स्थिति लगातार बदलती रहती है।


NTPC Green Energy IPO पर ब्रोकरेज की राय

घरेलू ब्रोकरेज फर्म SBI सिक्योरिटीज के एनालिस्ट्स ने इस आईपीओ को सब्सक्राइब रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने निवेशकों को लॉन्ग टर्म के लिए कट-ऑफ मूल्य पर इश्यू खरीदने की सलाह दी। उन्होंने कहा, "108 रुपये के अपर प्राइस बैंड पर NGEL का मूल्यांकन FY24 के एंटरप्राइज वैल्यू-EBITDA के 53.4 गुना के बराबर है।" इस बीच, एक रिपोर्ट के अनुसार कंपनी का लक्ष्य FY27 तक सोलर और विंड एसेट्स में 1 लाख करोड़ रुपये तक का निवेश करना है।

ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज ने एक नोट में कहा, “कंपनी की ऑपरेशनल कैपेसिटी 3.2GW है, 12GW के कॉन्ट्रैक्टेड अंडर कंस्ट्रक्शन रिन्यूएबल एनर्जी (RE) प्रोजेक्ट्स हैं और 11GW की भविष्य की डेवलपमेंट पाइपलाइन है। एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी न केवल यूटिलिटी-स्केल आरई प्रोजेक्ट्स लगाना चाहती है, बल्कि अपनी कैप्टिव आरई जरूरतों के लिए कॉर्पोरेट और पीएसयू के साथ गठजोड़ भी करना चाहती है। हमें उम्मीद है कि कैप्टिव के लिए रिटर्न रेशियो यूटिलिटी स्केल प्रोजेक्ट्स की तुलना में अधिक होगा।" एनटीपीसी ने वित्त वर्ष 2032 तक 60 गीगावाट (जीडब्ल्यू) रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता का लक्ष्य रखा है।

NTPC Green Energy का फाइनेंशियल

एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी यूटिलिटी स्केल रिन्यूएबल पावर प्रोजेक्ट्स का पोर्टफोलियो डेवलप करती है। कंपनी ऑपरेटिंग कैपेसिटी और बिजली उत्पादन के मामले में सबसे बड़ी रिन्यूएबल एनर्जी PSU (हाइड्रो को छोड़कर) है। जून 2024 तक इसके पोर्टफोलियो में 14,696 मेगावाट के प्रोजेक्ट शामिल थे। NTPC Green Energy का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2023-24 में सालाना आधार पर 1094% की वृद्धि के साथ 2,037.66 करोड़ रुपये हो गया। इस बीच शुद्ध मुनाफा एक साल पहले के मुकाबले 101% बढ़कर 344.72 करोड़ रुपये रहा। अप्रैल-जून 2024 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 607.42 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 138.61 करोड़ रुपये रहा।

IPO से हासिल पैसों में से 7500 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी की सब्सिडियरी एनटीपीसी रिन्यूएबल एनर्जी के कर्ज को चुकाने के लिए किया जाएगा। बाकी अमाउंट को सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करने का प्लान है। एनटीपीसी रिन्यूएबल एनर्जी पर जुलाई 2024 तक कंसोलिडेटेड बेसिस पर 16,235 करोड़ रुपये की उधारी थी।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।