NTPC की सब्सिडियरी NTPC ग्रीन एनर्जी नवंबर के पहले हफ्ते में 10,000 करोड़ रुपये का IPO का लॉन्च करेगी। सीएनबीसी टीवी18 ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। इस पब्लिक इश्यू से पहले निवेशकों को आकर्षित करने के लिए कंपनी मुंबई, लंदन, अमेरिका, सिंगापुर और अन्य जगहों पर रोडशो करेगी। NTPC ग्रीन एनर्जी ने इसी महीने सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (DRHP) दाखिल किया है।
10,000 करोड़ का यह पब्लिक इश्यू देश में 2024 के सबसे बड़े IPO में शामिल होगा। इसके तहत फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और प्रमोटर इकाइयों द्वारा कोई ऑफर फॉर सेल नहीं होगा। रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (RHP) की तारीख के आधार पर NTPC के शेयरहोल्डर्स रिजर्व कोटे के योग्य होंगे। इस कोटे की सीमा कुल इश्यू का 10 पर्सेंट तय की गई है।
NTPC ग्रीन एनर्जी का IPO वित्त वर्ष 2032 तक 60 गीगावॉट (GW) रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता हासिल करने में अहम कदम होगा। कंपनी के पास फिलहाल 24 गीगावॉट की क्षमता पाइपलाइन में है और यह सोलर एनर्जी और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में आक्रामक तरीके से विस्तार कर रही है। NTPC के रिन्यूएबल एनर्जी बिजनेस की मजबूत ग्रोथ की वजह से पेरेंट कंपनी NTPC लिमिटेड के स्टॉक को लेकर उत्साह बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने कंपनी के शेयरों को 'बाय' रेटिंग दी है और इसके लिए टारगेट प्राइस 485 रुपये प्रति शेयर तय किया है। जेफरीज ने इसके लिए रिन्यूएबल एनर्जी बिड्स में बढ़ोतरी का हवाला दिया है, जो वित्त वर्ष 2024 में 37-39 मेगावॉट तक पहुंच गया।
जानकारों का मानना है कि NTPC ग्रीन एनर्जी की लिस्टिंग से पेरेंट कंपनी को भी काफी फायदा होगा और इससे NTPC के स्टॉक की फिर से रेटिंग के लिए भी गुंजाइश बन सकती है। IPO से हासिल रकम का इस्तेमाल NTPC ग्रीन एनर्जी की मौजूदा और भविष्य की परियोजनाओं की फंडिंग में किया जा सकता है, जिनमें सोलर एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया जैसी गतिविधियां शामिल हैं।