IPO से पहले Ola के भाविश अग्रवाल का टूर प्लान, निवेशकों के साथ इस बात को लेकर होगी बैठक

Ola Electric IPO: ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की योजना इस साल के आखिरी तक आईपीओ लाने की है। इससे पहले कंपनी अगले हफ्ते निवेशकों के साथ बैठक करेगी। जानकारी के मुताबिक ओला इलेक्ट्रिक 100 करोड़ डॉलर के आईपीओ को लेकर अगले हफ्ते बैठक में सिंगापुर और अमेरिका के निवेशकों से बातचीत करेगी

अपडेटेड Jun 10, 2023 पर 11:03 AM
आईपीओ के जरिए Ola Electric इस सेगमेंट में लीडर बनने की कोशिश में है। कंपनी का दावा हर महीने 1600 डॉलर के औसत भाव पर 30 हजार गाड़ियों के बेचने का है।

ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की योजना इस साल के आखिरी तक आईपीओ लाने की है। इससे पहले कंपनी अगले हफ्ते निवेशकों के साथ बैठक करेगी। न्यूज एजेंसी रायटर्स ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक ओला इलेक्ट्रिक 100 करोड़ डॉलर के आईपीओ को लेकर अगले हफ्ते बैठक में सिंगापुर और अमेरिका के निवेशकों से बातचीत करेगी। ई-स्कूटर बनाने वाली दिग्गज कंपनी इस आईपीओ के लिए जल्द ही बाजार नियामक सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट फाइल करेगी जिस पर अगस्त तक मंजूरी मिल सकती है। कंपनी की योजना 60-100 करोड़ डॉलर आईपीओ के जरिए जुटाने की है। इसमें सॉफ्टबैंक और टेमासेक ने निवेश किया हुआ है।

Ola के फाउंडर का ये है ट्रिप प्लान

अगले दो हफ्तों में ओला के फाउंडर भाविश अग्रवाल निवेशकों से मिलने के लिए सिंगापुर, अमेरिका और ब्रिटेन की यात्रा करेंगे। भाविश निवेशकों को भारत में इलेक्ट्रॉनिक गाड़ियों के बाजार की कारोबारी क्षमता के बारे में बताएंगे जो अभी शुरुआती अवस्था में है। इस कारोबारी यात्रा के दौरान वह ब्लैकरॉक, सिंगापुर के सोवरेन वेल्थ फंड जीआईसी के साथ T Rowe Price जैसे म्यूचुअल फंड्स समेत अन्य निवेशकों से मुलाकात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक भारत में ईवी मार्केट अभी बढ़ रहा है और भाविश इसे लेकर निवेशकों को यहां आकर्षित करने की कोशिश में लगे हुए हैं।


Western Carriers का IPO ड्राफ्ट सेबी के पास जमा, ये है कंपनी की योजना

बैठक से क्या हासिल होगा Ola Electric को

आईपीओ के जरिए कंपनी इस सेगमेंट में लीडर बनने की कोशिश में है। कंपनी का दावा हर महीने 1600 डॉलर के औसत भाव पर 30 हजार गाड़ियों के बेचने का है। सूत्रों के मुताबिक निवेशकों के साथ मुलाकात से कंपनी को निवेशकों का भरोसा हासिल करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा कंपनी को ग्रोथ की संभावनाओं और वैल्यूएशन को हासिल करने में मदद मिलेगी जिसके 500 करोड़ डॉलर से अधिक होने की उम्मीद है। कंपनी ने आईपीओ के मैनेजमेंट को लेकर बैंक ऑफ अमेरिका, गोल्डमैन सैक्स, सिटी, कोटक बैंक, एक्सिस और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज को जिम्मेदारी सौंपी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।