On Door Concepts IPO : 23 अक्टूबर को खुलेगा इश्यू, ऑफर प्राइस 208 रुपये तय, जानिए पूरी डिटेल

On Door Concepts IPO : निवेशकों के पास इसमें 27 अक्टूबर तक निवेश का मौका है। आईपीओ के तहत 14.98 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी द्वारा 259 रुपये प्रति शेयर पर 2,85,200 शेयरों के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के माध्यम से 7.39 करोड़ रुपये जुटाने के बाद इश्यू का आकार कम कर दिया गया था

अपडेटेड Oct 17, 2023 पर 5:08 PM
ओमनी-चैनल रिटेलर ऑन डोर कॉन्सेप्ट का आईपीओ 23 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है।

On Door Concepts IPO : ओमनी-चैनल रिटेलर ऑन डोर कॉन्सेप्ट का आईपीओ 23 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 31.18 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। कंपनी ने इसके लिए 208 रुपये प्रति शेयर का ऑफर प्राइस तय किया है। निवेशकों के पास इसमें 27 अक्टूबर तक निवेश का मौका है। आईपीओ के तहत 14.98 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी द्वारा 259 रुपये प्रति शेयर पर 2,85,200 शेयरों के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट के माध्यम से 7.39 करोड़ रुपये जुटाने के बाद इश्यू का आकार कम कर दिया गया था। अक्टूबर में SME सेगमेंट में यह पांचवां आईपीओ होगा।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

मध्य प्रदेश स्थित किराना और होम एसेंशियल कंपनी ने मार्केट मेकर के लिए 86,400 शेयर आरक्षित किए हैं और शेष 14,12,400 शेयर नेट इश्यू के लिए हैं। 7,06,200 शेयर खुदरा और हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए अलग रखे गए हैं। निवेशक कम से कम 600 शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इसमें रिटेल निवेशकों को कम से कम 1,24,800 रुपये का निवेश करना होगा।


कहां होगा फंड का इस्तेमाल

ऑन डोर कॉन्सेप्ट फंड में से 20.43 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए और शेष 7.24 करोड़ रुपये सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए खर्च करेगा। कंपनी ने अपने प्रॉस्पेक्टस में कहा, "मौजूदा और भविष्य की ग्रोथ को ध्यान में रखते हुए इंटरनल वर्किंग के आधार पर हमारी कंपनी की कुल नेट वर्किंग कैपिटल की जरूरत FY24 के लिए 22.01 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।"

कंपनी के बारे में

ऑनडोर किराने का सामान और घरेलू जरूरत की वस्तुओं का एक रीजनल ओमनी-चैनल रिटेलर है। इसने जनवरी 2015 में भोपाल में अपना पहला स्टोर खोला और मार्च 2023 तक मध्य प्रदेश में 55 फीसदी स्टोर तक विस्तार किया। कंपनी 17 स्टोरों का मालिक है और उनका संचालन करती है और शेष फ्रेंचाइजी मॉडल के माध्यम से संचालित होते हैं।

कंपनी की वित्तीय स्थिति

कंपनी FY23 में मुनाफे में आ गई और पिछले वर्ष 5.4 करोड़ रुपये के घाटे के मुकाबले 0.06 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया। इसी अवधि के दौरान ऑपरेशन से राजस्व 173.1 करोड़ रुपये से बढ़कर 180.1 करोड़ रुपये हो गया।

EBITDA में पिछले कुछ सालों में सुधार हुआ है, जो सालाना आधार पर 189.5 फीसदी बढ़कर FY23 में 4.03 करोड़ रुपये और FY22 में 88 फीसदी बढ़कर 1.39 करोड़ रुपये हो गई है। अगस्त 2023 को समाप्त पांच महीने की अवधि में कंपनी ने 70.26 करोड़ रुपये के राजस्व पर 0.56 करोड़ रुपये का लाभ और 2.23 करोड़ रुपये का EBITDA दर्ज किया।

लिस्टिंग की तारीख और ग्रे मार्केट प्रीमियम

कंपनी 1 नवंबर तक सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट कर सकती है। वहीं, 3 नवंबर तक सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। स्टॉक 6 नवंबर को एनएसई इमर्ज पर कारोबार शुरू करेगा। आज ग्रे मार्केट में शेयर ऑफर मूल्य से 12 फीसदी प्रीमियम पर उपलब्ध है। हालांकि, इसमें आने वाले समय में बदलाव होने की पूरी संभावना है। फर्स्ट ओवरसीज कैपिटल इस इश्यू का मर्चेंट बैंकर है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज ऑफर का रजिस्ट्रार है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।