प्रीमियर एनर्जीज का आईपीओ 27 अगस्त को खुल गया है। यह कंपनी सोलर सेल और मॉड्यूल बनाती है। 2,831 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में कंपनी 1,291 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी, जबकि ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के तहत 1,539 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जाएंगे। यह कंपनी तीन दशक पुरानी है। यह सोलर सेक्टर में इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) के लिए भी सेवाएं ऑफर करती है।
Premier Energies का इश्यू 29 अगस्त को बंद हो जाएगा। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 427-450 रुपये तय किया है। ऊपरी प्राइस बैंड पर यह इश्यू 2,831 करोड़ रुपये का है। इसका इंप्लॉयड मार्केट कैपिटलाइजेशन 20,285 करोड़ रुपये है। निवेशक को कम से कम 33 शेयरों के एक लॉट के लिए बोली लगानी होगी। इश्यू से पहले कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 72.2 फीसदी है। इश्यू के बाद यह घटकर 66.3 फीसदी रह जाएगी।
सोलर सेल बनाने वाली देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी
प्रीमियर एनर्जीज की तेलंगाना में पांच मैन्युफैक्चरिंग इकाइयां हैं। कंपनी की सोलर सेल की कुल क्षमता 2 गीगावॉट (GW) है, जबकि सोलर मॉड्यूल की 4.13 GW है। यह सोलर सेल बनाने वाली देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है। यह FY24 में अमेरिका को सोलर सेल की सबसे बड़ी निर्यातक भी रही है। पिछले एक दशक में इसने खुद को रूफटॉप सोलर मार्केट में ऑरिजिनल इक्विटमेंट मैन्युफैक्चरर (OEM) के रूप में स्थापित किया है। इसके ग्राहकों में Panasonic, Luminous और Axitec जैसी कंपनियां हैं।
कंपनी की रेवेन्यू और EBITDA ग्रोथ अच्छी रही है। FY22 से कंपनी की रेवेन्यू चार गुनी हो गई है। पिछले दो साल में से हर साल रेवेन्यू 100 फीसदी बढ़ा है। हालांकि, इसके ऑपरेटिंग मार्जिन में काफी उतारचढ़ाव देखने को मिला है। FY22 और FY23 में यह नेट लॉस में रही। हालांकि, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ने से पिछले 18 महीनो में इसका EBITDA और प्रॉफिट मार्जिन बढ़ा है।
प्रतिद्वंद्वी कंपनियां कौन हैं?
सोलर मॉड्यूल मैन्युफैक्चरिंग के मामले में इंडिया दुनिया में तीसरे पायदान पर है। इसके ऊपर सिर्फ चीन और वियतनाम हैं। इंडिया में सोलर मॉड्यूल की स्थापित क्षमता 72 गीगावॉट है। इंडियन मार्केट में Waaree Energies की स्थिति काफी मजबूत है। इसकी क्षमता 12.5 GW है। सोलर मॉड्यूल में प्रीमियर एनर्जीज पांचवें पायदान पर है। waaree के अलावा इसके ऊपर Mundra Solar, Renew Power और Vikram Solar हैं।
यह भी पढ़ें: LG Electronics IPO: इस कारण एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स का आईपीओ लाने की तैयारी, सीईओ ने किया खुलासा
क्या आपको निवेश करना चाहिए?
प्रीमियर एनर्जीज के एग्जिक्यूशन का रिकॉर्ड अच्छा है। FY25 में इसके अनुमानित अर्निंग्स के मुकाबले 36 गुना पीई पर कारोबार हो रहा है। कंपनी अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का विस्तार कर रही है। मीडियम टर्म में रिन्यूएबल स्पेस में ग्रोथ की अच्छी संभावना दिख रही है। लेकिन, डोमेस्टिक सेक्टर में सप्लाई ज्यादा है और चीन से प्रतियोगिता का भी सामना करना पड़ रहा है, जो चिंता की बात है। हाल में कई शेयरों की लिस्टिंग प्रीमियम पर हुई है। ऐसे में निवेशक लिस्टिंग गेंस के लिए इस आईपीओ में निवेश कर सकते हैं।