Protean eGov Tech IPO : प्रोटीन ईगॉव टेक्नोलॉजीज का पब्लिक इश्यू आज 6 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। कंपनी आईपीओ के जरिए 490.33 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इस आईपीओ को डोमेस्टिक ई-गवर्नेंस मार्केट में कंपनी की स्थिति और उचित वैल्यूएशन के चलते अधिकांश एनालिस्ट्स ने पॉजिटिव रेटिंग दी है। निवेशकों के पास इसमें 9 नवंबर तक निवेश का मौका होगा। इसके लिए 752-792 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। यह इश्यू पूरी तरह से 61.91 लाख शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है।
इश्यू खुलने से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 143.5 करोड़ रुपये जुटा लिए थे। एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, बड़ौदा बीएनपी पारिबा म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, एलआईसी म्यूचुअल फंड और सोसाइटी जेनरल ने एंकर बुक के माध्यम से कंपनी में निवेश किया।
आईपीओ खर्चों को छोड़कर पूरी आय सेलिंग शेयरहोल्डर्स को जाएगी और कंपनी को ऑफर से कोई पैसा नहीं मिलेगा। क्या आपको प्रोटीन ईगॉव टेक्नोलॉजीज आईपीओ में निवेश करना चाहिए? आइए जानते हैं ब्रोकरेज की राय।
चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग के एनालिस्ट्स ने कहा, "डोमेस्टिक ई-गवर्नेंस मार्केट में मजबूत स्थिति, नेशनल लेवल पर क्रिटिकल और पॉपुलेशन-स्केल ग्रीनफील्ड टेक्नोलॉजी सॉल्यूशन रोल आउट करने की इसकी क्षमताओं और आकर्षक डिमांड वाले वैल्यूएशन को ध्यान में रखते हुए हम इस इश्यू को 'सब्सक्राइब' रेटिंग देते हैं।"
इसके अलावा, ब्रोकरेज फर्म रिलायंस सिक्योरिटीज ने भी इस आईपीओ को सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। केनरा बैंक सिक्योरिटीज का कहना है कि कंपनी के पास मजबूत बैलेंस शीट और कैश फ्लो है। उसने लिस्टिंग गेन और लंबी अवधि के लिए निवेश की सलाह दी है। इसके अलावा, बीपी इक्विटीज ने भी आईपीओ को सब्सक्राइब रेटिंग दी है।