सरकारी स्वामित्व वाली इंफार्मेशन और कम्युनिकेशंस टेक्नोलॉजी इंफ्रा प्रोवाइडर कंपनी रेल टेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने IPO लाने का फैसला लिया है। यह IPO 16 फरवरी को खुलेगा। पहले इस तरह की खबरें आई थी यह IPO जनवरी 2021 में लॉन्च होगा।

इस आईपीओ का प्राइस बैंड 93-94 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है जो इसके फेस वैल्यू से 9.4 गुना ज्यादा है। यह ऑफर 18 फरवरी को क्लोज होगा। इस आईपीओ के तहत 8,71,53,369 शेयर ऑफर फॉर सेल के जरिए बेचे जाएंगे। जिसमें से 500000 इक्विटी शेयर कंपनी के कर्मचारियों के लिए रिजर्व हैं। इस ऑफर के जरिए सरकार की 819.24 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। इस ऑफर से मिली राशि में से कोई भी राशि कंपनी को नहीं मिलेगी, सारी राशि सरकार को जाएगी। ऑफर की लॉट साइज 155 इक्विटी शेयरों की है।

रेल टेल मिली रत्न (कैटेगरी-1) श्रेणी की सरकारी कंपनी है। यह इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी इन्फ्रास्ट्रक्चर मुहैया कराती है। यह भारत की सबसे बड़ी न्यूट्रल टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर कंपनी है। कंपनी का गठन सितंबर 2000 में किया गया था। इसका मकसद ट्रेनों के नियंत्रण संचालन, सुरक्षा और देश भर में ब्रॉडबैंड और मल्टी मीडिया नेटवर्क सुविधाएं उपलब्ध कराके अतिरिक्त आय अर्जित करना है। इसके लिए कंपनी ने देश भर में रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे ऑप्टिकल फाइबर केबल का व्यापक जाल फैला रखा है।

हरियाणा के गुरूग्राम और तेलंगाना के सिकंदराबाद में कंपनी के डेटा सेंटर हैं जिनके जरिए ये अपने ग्राहकों को सेवाएं देती है। कंपनी की सबसे बड़ी ग्राहक भारतीय रेल है। ये इस साल का 6वां आईपीओ होगा। इस साल अब तक Indian Railway Finance Corporation, Indigo Paints, Home First Finance Company, Stove Kraft और Brookfield India Real Estate Trust के आइपीओ आ चुके हैं।

ICICI Securities, IDBI Capital Markets & Securities और SBI Capital Markets इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।


सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।