RBZ Jewellers IPO: शेयर बाजार में एक और ज्वैलरी कंपनी की एंट्री होने जा रही है। अहमदाबाद मुख्यालय वाली RBZ ज्वैलर्स (RBZ Jewellers) आगामी 19 दिसंबर को अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च करेगी। यह अगले हफ्ते खुलने वाला 5वां इनीशियल पब्लिक ऑफर है। प्राइस बैंड की घोषणा अगले कुछ दिनों में होगी। आईपीओ का एंकर बुक 18 दिसंबर को एक दिन के लिए खोला जाएगा। वहीं इसके लिए बोली लगाने की आखिरी दिन 21 दिसंबर होगी। IPO के लिए कंपनी अपने 1 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखेगी। यह पूरा आईपीओ फ्रेश शेयरों का है और इसमें कोई ऑफर-फॉर-सेल शामिल नहीं है।
सूत्रों ने हाल ही में मनीकंट्रोल को बताया कि यह कंपनी अपने IPO के जरिए करीब 100 से 125 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। IPO से जुटाई गई राशि में से करीब 80.75 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। वहीं बाकी राशि को सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए रखा जाएगा।
सितंबर 2023 तक के आंकड़ों के मुताबिक, वर्किंग कैपिटल फैसिलिटीज के लिए इसकी कुल स्वीकृत सीमा 79.9 करोड़ रुपये है। वहीं इस पर 7.9 करोड़ रुपये का वर्किंग कैपिटल लोन, 6.5 करोड़ रुपये का वर्किंग कैपिटल टर्म लोन (सुरक्षित) और 5.32 करोड़ रुपये का असुरक्षित लोन शामिल है।"
कंपनी ने आईपीओ का 35 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए और बाकी 30 प्रतिशत हिस्सा हाई नेटवर्थ इंडीविजुअल (HNI) निवेशकों के लिए रखा है।
आरबीजेड ज्वैलर्स कंपनी जड़ाऊ, मीना और कुंदन के काम वाली ब्राइडल गोल्ड ज्वैलरी को डिजाइन करने और उन्हें बनाने के कारोबार में शामिल है। वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 22.33 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। पिछले साल के मुकाबले इसका मुनाफा करीब 55% बढ़ा था।
वहीं वित्त वर्ष 2023 में कंपनी का रेवेन्यू 288 करोड़ रहा, जो इसके साल के मुकाबले 14.2 फीसदी अधिक था। वहीं कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBIDA) 41 फीसदी बढ़कर 37.8 करोड़ रहा, जबकि इसका ऑपरेटिंग मार्जिन 2.49 फीसदी बढ़कर 13.11 फीसदी पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष के पहले 6 महीनों में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 12.09 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 125.5 करोड़ रुपये रहा है।