Samhi Hotels IPO: मैरिएट (Marriott), हयात (Hyatt) और आईएचजी (IHG) जैसे ब्रांड्स के होटल्स ऑपरेट करने वाली और एसेट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म Samhi Hotels ने एक बार फिर आईपीओ के लिए आवेदन किया है। मनीकंट्रोल को कई सूत्रों से यह जानकारी मिली है कि साम्ही होटल्स ने फिर से बाजार नियामक सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल किया है। इस आईपीओ के तहत नए शेयरों के साथ-साथ मौजूदा निवेशक ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत शेयरों की बिक्री कर सकते हैं। साम्ही होटल्स में गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs), इक्विटी इंटरनेशनल (Equity International), जीटीआई कैपिटल (GTI Capital) और आईएफसी जैसे दिग्गजों ने पैसे लगाए हुए हैं।
पिछली बार क्यों हटी पीछे और अब क्यों बना रही योजना
साम्ही होटल्स ने इससे पहले सितंबर 2019 में आईपीओ के लिए कागजात दाखिल किया था लेकिन फिर बाजार की स्थिति को देखते हुए और कोरोना के चलते अपनी योजना कैंसल कर दी। अब चूंकि घरेलू स्तर पर खपत बढ़ रही है और जीडीपी भी ऊपर चढ़ ही है तो हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के लिए पिछली कुछ तिमाहियां शानदार रही। ऐसे में साम्ही होटल्स ने फिर से आईपीओ के जरिए पैसे जुटाने का फैसला कर लिया।
Samhi Hotels IPO की डिटेल्स
सेबी के पास दाखिल ड्राफ्ट के मुताबिक साम्ही होटल्स आईपीओ के तहत 1000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हो सकते हैं। वहीं इसके तहत मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी कम कर सकते हैं। उनकी योजना ओएफएस विंडो के जरिए 9 करोड़ इक्विटी शेयरों के बिक्री की है। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी उधारी चुकता करने, ब्याज के पेमेंट और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
सेबी के पास दाखिल कागजात के मुताबिक साम्ही होटल्स खुद की ओर लीज को मिलाकर ऑपरेशनल रूम्स के मामले में देश की सबसे बड़ी होटल कंपनी है। यह दावा कंपनी ने 28 फरवरी 2023 तक के आंकड़ो पर आधारित जेएलएल रिपोर्ट के दम पर किया है। देश के 12 शहरों में इसके 25 होटल चल रहे हैं जिसमें 3839 कमरे हैं। ये होटल्स बेंगलुरू, हैदराबाद, दिल्ली-एनसीआर, पुणे, चेन्नई और अहमदाबाद जैसे अहम शहरों में हैं। यह मैरिएट, हयात और आईएचजी जैसे वैश्विक होटल ऑपरेटर्स के साथ लॉन्ग टर्म मैनेजमेंट कांट्रैक्ट्स में होटल्स चलाती है। सेबी के पास दाखिल ड्राफ्ट के मुताबिक यह अधिग्रहण की स्ट्रैटजी पर चल रही है और इसके दम पर यह लगातार अपना कारोबार बढ़ा रही है।