मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने तीन और कंपनियों को अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की मंजूरी दी है। इन कंपनियों में ऑनलाइन फार्मेसी फार्मईजी (PharmEasy) की पैरेंट कंपनी API होल्डिंग्स लिमिटेड ( API Holdings Ltd), वेलनेस फॉरेवर मेडिकेयर लिमिटेड (Wellness Forever Medicare Ltd) और CMR ग्रीन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (CMR Green Technologies Ltd) शामिल हैं।
एपीआई होल्डिंग्स ने IPO के जरिए 6,250 करोड़ रुपये जुटाने के लिए नवंबर 2021 में SEBI के पास ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल किए। IPO से मिली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, अधिग्रहण और ग्रोथ से जुड़े अन्य रणनीतिक कदमों की फंडिंग के लिए किया जाएगा। कंपनी के फाउंडर और शेयरहोल्डर्स आईपीओ में शेयर नहीं बेच रहे हैं।
वेलनेस फॉरएवर मेडिकेयर लिमिटेड
अदार पूनावाला के निवेश वाली वेलनेस फॉरएवर मेडिकेयर लिमिटेड ने अक्टूबर 2021 में सेबी के पास अपना ड्राफ्ट पेपर जमा किया था। आईपीओ के तहत 400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे और कंपनी के प्रमोटरों व निवेशकों की तरफ से 1.6 करोड़ शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) लाया जाएगा। OFS में कंपनी की प्रमुख शेयरधारक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) अपने अधिकांश शेयर बेचेगी।
अशरफ बीरन, गुलशन बख्तियानी और मोहन चव्हाण ने मिलकर साल 2008 में वेलनेस फॉरएवर मेडिकेयर लिमिटेड की शुरुआत की थी। OFS में बीरन और बख्तियानी दोनों करीब 7.2-7.2 लाख शेयर बेच रहे हैं, वहीं चव्हाण करीब 1.2 लाख शेयर बेच रहे हैं।
वेलनेस फॉरएवर मेडिकेयर लिमिटेड में SII की फिलहाल 13.2 फीसदी हिस्सेदारी है। SII इस आईपीओ में अपनी 35.5 लाख शेयर बेचेगी। वहीं पूनावाला भी अपनी इकाई राइजिंग सन होल्डिंग्स के जरिए 15.2 लाख शेयर बेच रहे हैं। आईपीओ के बाद SII के पास वेलनेस फॉरएवर में सिर्फ 40,000 शेयर होंगे। वेलनेस फॉरएवर मेडिकेयर आईपीओ से मिली रकम का इस्तेमाल कैपिटल एक्सपेंडिचर, नए स्टोर को खोलने, कर्ज को चुकाने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी।
CMR ग्रीन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड
CMR ग्रीन टेक्नोलॉजीज, एल्यूमीनियम रीसाइक्लिंग इंडस्ट्री की अग्रणी भारतीय कंपनियों में से एक है। कंपनी ने सितंबर 2021 में सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर जमा किया था। आईपीओ के तहत 300 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं प्रमोटरों और निवेशकों की तरफ से 3.34 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा जाएगा। आईपीओ से मिली रकम का इस्तेमाल कर्ज को चुकाने और जनरल कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।