Senores Pharmaceuticals लाएगी IPO, सेबी के पास दाखिल किए कागजात

Senores Pharmaceuticals IPO: प्रमोटर स्वप्निल जतिनभाई शाह, अशोककुमार विजयसिंह बरोट और संगीता मुकुर बरोट ओएफएस में 17 लाख शेयर बेचेंगे, जबकि प्रकाश एम सांघवी अन्य सेलिंग शेयरहोल्डर होंगे, जो 10 लाख शेयर बेचेंगे। फार्मा कंपनी में प्रमोटरों की 66.67 प्रतिशत हिस्सेदारी है और शेष शेयर पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास हैं

अपडेटेड Jul 28, 2024 पर 9:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अहमदाबाद स्थित सेनोरेस फार्मास्युटिकल्स अपना आईपीओ लाने जा रही है।

Senores Pharmaceuticals IPO: अहमदाबाद स्थित सेनोरेस फार्मास्युटिकल्स अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। इस आईपीओ में 500 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 27 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए की जाएगी। कंपनी 100 करोड़ रुपये के प्री-आईपीओ प्लेसमेंट पर भी विचार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो नए इश्यू का आकार कम हो जाएगा।

Senores Pharmaceuticals IPO से जुड़ी डिटेल

प्रमोटर स्वप्निल जतिनभाई शाह, अशोककुमार विजयसिंह बरोट और संगीता मुकुर बरोट ओएफएस में 17 लाख शेयर बेचेंगे, जबकि प्रकाश एम सांघवी अन्य सेलिंग शेयरहोल्डर होंगे, जो 10 लाख शेयर बेचेंगे। फार्मा कंपनी में प्रमोटरों की 66.67 प्रतिशत हिस्सेदारी है और शेष शेयर पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास हैं।


शाह और बरोट परिवार के स्वामित्व वाली कंपनी आईपीओ से होने वाली आय को अटलांटा फैसिलिटी में स्टेराइल इंजेक्शन के प्रोडक्शन के लिए एक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करने पर खर्च करेगी। इसके अलावा, फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों और इनऑर्गेनिक ग्रोथ और अन्य रणनीतिक पहलों पर भी किया जाएगा। कंपनी की योजना आईपीओ फंड के जरिए अपने कर्ज का भुगतान करने की भी है।

Senores Pharmaceuticals का फाइनेंशियल

वित्तीय वर्ष 2024 के अंत तक, फर्म को 19 ANDA (एब्रीवेटेड न्यू ड्रग एप्लिकेशन) के लिए अप्रुवल प्राप्त हुआ और उसने संयुक्त राज्य अमेरिका और कनाडा में 21 प्रोडक्ट्स को कमर्शियलाइज किया। कंपनी का नेट प्रॉफिट FY24 में सालाना आधार पर चार गुना बढ़कर 32.7 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 8.4 करोड़ रुपये था।

वित्त वर्ष 2024 में रेवेन्यू पिछले वित्त वर्ष के 35.3 करोड़ रुपये के मुकाबले छह गुना बढ़कर 214.5 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का EBITDA इसी अवधि के दौरान 12.7 करोड़ रुपये से तीन गुना से अधिक बढ़कर 41.6 करोड़ रुपये हो गया, लेकिन मार्जिन वित्त वर्ष 23 में 35.8 फीसदी से घटकर वित्त वर्ष 24 में 19.4 फीसदी हो गया। कंपनी ने इस इश्यू के लिए इक्विरस कैपिटल, एंबिट और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट को मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।