लॉजिस्टिक्स स्टार्टअप शैडोफैक्स टेक्नोलोजिज लिमिटेड के आ रहे IPO से शुरुआती निवेशकों और प्रमोटर्स को बड़ा फायदा होने वाला है। IPO के लिए प्राइस बैंड 118-124 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसके बेसिस पर प्रमोटर अभिषेक बंसल और वैभव खंडेलवाल को 1700-1700 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न हासिल हो सकता है। माना जा रहा है कि अपर प्राइस बैंड पर कंपनी की वैल्यूएशन लगभग 7169 करोड़ रुपये हो गई है। अभिषेक शैडोफैक्स में मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हैं। वहीं वैभव होल टाइम डायरेक्टर और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर हैं। कंपनी में दोनों की कुल 19 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी है।
अभिषेक बंसल के पास 6.87 रुपये प्रति शेयर की औसत लागत पर 5.43 करोड़ शेयर हैं। इन शेयरों की कीमत पहले लगभग 37 करोड़ रुपये थी। अब 124 रुपये प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड पर यह बढ़कर 674 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है। इसका मतलब हुआ कि लगभग 1700 प्रतिशत का रिटर्न। वैभव खंडेलवाल के पास 4.23 करोड़ शेयर हैं। पहले उनकी हिस्सेदारी की कीमत 28 करोड़ रुपये थी लेकिन IPO के अपर प्राइस बैंड पर यह बढ़कर 524 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है। यानि कि लगभग 1762 प्रतिशत का रिटर्न।
शैडोफैक्स टेक्नोलोजिज का 1907 करोड़ रुपये का IPO 20 जनवरी को खुलने जा रहा है। क्लोजिंग 22 जनवरी को होगी। एंकर इनवेस्टर 19 जनवरी को बोली लगा सकेंगे। IPO बंद होने के बाद अलॉटमेंट 23 जनवरी को फाइनल होगा और शेयरों की लिस्टिंग 28 जनवरी को BSE, NSE पर होगी। शैडोफैक्स में फ्लिपकार्ट, TPG, एट रोड्स वेंचर्स, मिरे एसेट वेंचर्स और नोकिया ग्रोथ फंड्स जैसे निवेशकों का पैसा लगा हुआ है।
IPO में 1000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। साथ ही मौजूदा शेयरधारकों की ओर से ₹907 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS के तहत फ्लिपकार्ट इंटरनेट, एट रोड्स इनवेस्टमेंट्स मॉरीशस II लिमिटेड, न्यूक्वेस्ट एशिया फंड IV (सिंगापुर) प्राइवेट लिमिटेड, नोकिया ग्रोथ पार्टनर्स IV, एल.पी, इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन, मिरे एसेट, क्वालकॉम एशिया पैसिफिक प्राइवेट लिमिटेड और स्नैपडील के फाउंडर- कुणाल बहल और रोहित कुमार बंसल शेयर बेचेंगे।
फ्लिपकार्ट इंटरनेट को कितना होगा फायदा
शैडोफैक्स टेक्नोलोजिज में फ्लिपकार्ट इंटरनेट के पास 7.49 करोड़ शेयर हैं। पहले इसकी हिस्सेदारी की कीमत 328 करोड़ रुपये थी। अब IPO के अपर प्राइस बैंड पर यह बढ़कर 929 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है। एट रोड्स इनवेस्टमेंट्स मॉरीशस के पास 7.15 करोड़ शेयर हैं। पहले उसके निवेश की वैल्यू 85 करोड़ रुपये थी। अब अपर प्राइस बैंड पर यह बढ़कर 886 करोड़ रुपये हो गई है।
इसी तरह मिरे एसेट के निवेश की वैल्यू 49 करोड़ रुपये से बढ़कर 242 करोड़ रुपये हो गई है। क्वालकॉम की होल्डिंग की वैल्यू 45 करोड़ रुपये से बढ़कर 230 करोड़ रुपये हो गई है। TPG के न्यूक्वेस्ट एशिया फंड के निवेश की वैल्यू 402 करोड़ रुपये से बढ़कर 882 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि नोकिया ग्रोथ पार्टनर्स की हिस्सेदारी की वैल्यू 111 करोड़ रुपये से बढ़कर 395 करोड़ रुपये हो गई है। इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन का के निवेश की वैल्यू 88 करोड़ रुपये से बढ़कर 328 करोड़ रुपये हो गई है।
स्नैपडील के फाउंडर्स कितने मुनाफे में
स्नैपडील और टाइटन कैपिटल के को-फाउंडर कुणाल बहल और रोहित बंसल को शैडोफैक्स में अपने शुरुआती निवेश पर 158 गुना से ज्यादा का फायदा होता दिख रहा है। दोनों ने 2015 में करीब 70 लाख रुपये लगाए थे और उन्हें लगभग 89 लाख शेयर मिले थे। इन शेयरों की कीमत अब IPO के अपर प्राइस बैंड पर करीब 110 करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।