Shriram Properties IPO: लॉस में चल रही प्रॉपर्टी कंपनी का IPO आज यानी 8 दिसंबर को खुला और 10 दिसंबर को बंद होगा। कंपनी पहले 800 करोड़ रुपए का IPO ला रही थी लेकिन अब इसे घटाकर 600 करोड़ रुपए कर दिया है। कंपनी ने ऑफर फॉर सेल का साइज 550 करोड़ रुपए से घटाकर 350 करोड़ रुपए कर दिया है। अब कंपनी 250 करोड़ रुपए के फ्रेश शेयर जारी कर रही है औऱ 350 करोड़ रुपए के शेयर ऑफर फॉर सेल में बेच रही है। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 113-118 रुपए है।
इश्यू का लगभग 75 फीसदी हिस्सा क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स, 15 फीसदी गैर संस्थागत निवेशकों और बाकी 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। इश्यू के लिए एक्सिस सिक्योरिटीज, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और नॉमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी एंड सिक्योरिटीज को प्रमुख मैनेजर नियुक्त किया गया है। कंपनी के शेयर की बीएसई और एनएसई पर 20 दिसंबर, 2021 को लिस्टिंग होने का अनुमान है।
एंकर इनवेस्टर्स से जुटाए 268.65 करोड़ रुपए
इश्यू खुलने से पहले कंपनी ने 7 दिसंबर को 34 एंकर इनवेस्टर्स से 268.65 करोड़ रुपए जुटाए हैं। कंपनी ने 118 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से 2,27,66,949 इक्विटी शेयरों का आवंटन करके फंड जुटाया है।
ग्लोबल इनवेस्टर्स में ऑप्टिमिक्स होलसेल ग्लोबल इमर्जिंग मार्केट्स, सोसायटे जेनराली, पायोनियर इनवेस्टमेंट फंड, नोमुर और ब्लू माउंट कैपिटल जैसी कंपनियां शामिल हैं। डोमेस्टिक इनवेस्टर्स में SBI लाइफ इंश्योरेंस, सुंदरम म्यूचुअल फंड्, आदित्य बिड़ला सनलाइफ, निप्पॉन लाइफ, HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और HDFC ट्रस्टी शामिल है।
Shriram Properties के इश्यू को लेकर जानकारों की राय बंटी हुई है। कंपनी के इश्यू को प्रतिद्वंदी कंपनियों के मुकाबले महंगा माना जा रहा है। इसलिए एक्सपर्ट्स इसमें सजग होकर निवेश करने की सलाह दे रहे हैं।
कुल मिलाकर मौजूदा फिस्कल ईयर में सितंबर तक के 6 महीनों और पिछले दो फिस्कल ईयर में कंपनी को लगातार लॉस हुआ है। कंपनी ने आखिरी बार फिस्कल ईयर 2019 में प्रॉफिट बनाया था।
Marwadi Financial Services के एनालिस्ट्स के मुताबिक, पोस्ट इश्यू के आधार पर फिस्कल ईयर 2021 के लिए कंपनी का EBITDA 51.24 करोड़ रुपए है। कंपनी 51.84 EV/Ebitda पर लिस्ट हो रही है और इसका मार्केट कैप 2001 करोड़ रुपए होगा। इसकी प्रतिद्वंदी कंपनियों में शोभा का EV/Ebitda 15.60 और ओबरॉय रियल्टी का EV/Ebitda 33 है।
ET के मुताबिक, Marwadi Financial Services के एनालिस्ट्स सौरभ जोशी और कौशल ठक्कर ने कहा, "हम इस इश्यू से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं क्योंकि प्रतिद्वंदी कंपनियों के मुकाबले वैल्यूएशन ज्यादा है।"
Shriram Properties दक्षिण भारत की कंपनी है। इसका फोकस मिड-मार्केट और अफोर्डेबल हाउसिंग कैटेगरी पर है। 30 सितंबर 2021 तक कंपनी ने 29 प्रोजेक्ट पूरा कर लिया था। कंपनी ने खास तौर पर बेंगलुरु और चेन्नई में अपने प्रोजेक्ट बनाए हैं।