कोलकाता बेस्ड स्टील मैन्युफक्चरिंग करने वाली कंपनी श्याम मेटालिक्स एंड एनर्जी लिमिटेड (Shyam Metalics and Energy Ltd) 1107 करोड़ रुपये जुटाने के लिए अपना IPO 14 जून को लॉन्च करेगा। इस मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यह IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 14 जून को खुलेगा और निवेशक 16 जून तक इसे सब्सक्राइब कर सकेंगे।

मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास जमा कंपनी के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, इस पब्लिक इश्यू के लिए कंपनी 657 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी करेगी, वहीं कंपनी के प्रमोटर और मौजूदा इंवेस्टर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिये 450 करोड़ रुपये के शेयर जारी करेंगे।

इस IPO के जरिये जुटाये गए 657 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी अपनी और अपनी सहयोगी कंपनी SSPL का कर्ज उतारने में करेगी। इस IPO के लिए Shyam Metalics ने ICICI Securities, एक्सिस कैपिटल (Axis Capital), IIFL Securities, जेएम फाइनेंशियल (JM Financial) और एसबीआई कैपिटल (SBI Capital) को अपना लीड मैनेजर नियुक्त किया है।

कंपनी का बैलेंसशीट और कारोबार

31 दिसंबर 2020 तक Shyam Metalics पर कुल कर्ज (Debt) 381.12 करोड़ रुपये था। जबकि, इसकी सहयोगी कंपनी SSPL पर 398.60 करोड़ रुपये का कर्ज था। यानी कंपनी पर कुल 886.29 करोड़ रुपये का कर्ज है। वित्त वर्ष 2020-21 की दिसबंर तिमाही तक कंपनी का कुल रेवेन्यू 3933.08 करोड़ रुपये था।

जबकि, पिछले साल इस अवधि में कंपनी का कुल राजस्व 3283.09 करोड़ रुपये था। Shyam Metalics को दिसंबर तिमाही में 456.32 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। जबकि पिछले वित्त वर्ष Q3 में कंपनी का नेट प्रॉफिट केवल 260.36 करोड़ रुपये रहा था।

कंपनी के पास अभी 3 स्टील मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं जो ओडिशा के संभलपुर और जमुरिया के साथ पश्चिम बंगाल के मंगलपुर में हैं। कंपनी हर साल 57 लाख टन से अधिक स्टील का उत्पादन करती है। इसके अलावा कंपनी के पास 227MW क्षमता वाला पावर प्लांट भी है।

इसके अलावा Shyam Metalics पश्चिम बंगाल के पकुरिया (Pakuria) में एल्युमिनियम फॉयल रॉलिंग मिल (aluminium foil rolling mill) स्थापित कर रही है, जो इस साल के अंत तक ऑपरेशनल होने का उम्मीद है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।