SLMC IPO : सोहन लाल कमोडिटी मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड (SLCM) 2024 के मध्य में इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की योजना बना रही है। कंपनी इसके जरिए करीब 700 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इस फंड का इस्तेमाल बिजनेस के विस्तार के लिए किया जाएगा। SLCM बैंकरों के साथ बातचीत कर रहा है और बोर्ड से आईपीओ योजना के लिए मंजूरी मांगेगा। मामले से जुड़े सूत्रों ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
यह एग्रीकल्चर सेक्टर का एक खास आईपीओ है। कंपनी अपने NBFC (नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी) और वेयरहाउसिंग बिजनेस के विस्तार के लिए फंड जुटाने पर विचार कर रही है। सूत्रों ने कहा कि फंड प्राइमरी और सेकेंडरी दोनों मार्केट से जुटाई जाएगी। हालांकि, SLCM ने इसे लेकर अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है।
SLCM की किसानधन एग्री फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना 2017 में हुई है। इसका वर्तमान में एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 350 करोड़ रुपये है और अगले 10 सालों में इसे दोगुना करने का लक्ष्य है। इसने अपनी स्थापना के बाद से अब तक 2700 करोड़ रुपये का लोन वितरित किया है और अगले वित्त वर्ष के अंत तक इसे 5000 करोड़ रुपये से अधिक तक पहुंचाने का लक्ष्य है। सूत्रों ने कहा कि वेयरहाउसिंग के मामले में कंपनी बैंकों के लिए AUM संभाल रही है और अगले साल सितंबर तक AUM को मौजूदा 7,000 करोड़ रुपये से 13,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
SLCM के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 की पहली छमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट तेजी से बढ़कर 7.73 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 2.81 करोड़ रुपये था। इस वित्त वर्ष की पहली छमाही के दौरान कुल राजस्व बढ़कर 84.8 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की अवधि में 57.7 करोड़ रुपये था। इस अवधि में कंपनी का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) 1012 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,035 करोड़ रुपये हो गया।
वर्तमान में, SLCM की कुल संपत्ति लगभग 350 करोड़ रुपये और इस पर लगभग 170 करोड़ रुपये का कर्ज है। 2009 में स्थापित, SLCM ग्रुप भारत और म्यांमार में एग्रीकल्चर सेक्टर में कमोडिटी वेयरहाउसिंग सर्विसेज, फाइनेंसिंग और टेक्नोलॉजी एप्लिकेशन प्रदान करता है।