Solar91 Cleantech IPO: 4 IIT ग्रेजुएट्स द्वारा प्रमोटेड कंपनी सोलर91 क्लीनटेक का आईपीओ 24 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। यह एक SME आईपीओ होगा, जिसमें 27 दिसंबर तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी का इरादा पब्लिक इश्यू के जरिए 106 करोड़ रुपये जुटाने का है। आईपीओ के तहत 54.36 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। वहीं, इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी। इसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय कंपनी को जाएगी। इसके शेयरों की लिस्टिंग BSE SME प्लेटफॉर्म पर होगी।
Solar91 Cleantech IPO: प्राइस बैंड तमाम डिटेल
सोलर91 क्लीनटेक ने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 185-195 रुपये प्रति शेयर तय किया है, जहां निवेशक मिनिमम 600 शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम 1,17,000 रुपये का निवेश करना होगा। सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 30 दिसंबर 2024 को होने की उम्मीद है। इसकी संभावित लिस्टिंग तारीख 1 जनवरी 2025 तय की गई है। नारनोलिया फाइनेंशियल सर्विसेज इस इश्यू के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर के रूप में काम कर रही है, जबकि माशितला सिक्योरिटीज रजिस्ट्रार है।
Solar91 Cleantech कहां करेगी फंड का इस्तेमाल
कंपनी आईपीओ से होने वाली शुद्ध आय का इस्तेमाल सब्सिडियरी कंपनी में निवेश करने के लिए करेगी, जो कि एक इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर (IPP) के रूप में सोलर प्लांट्स के डेवलपमेंट के लिए काम कर रही है। इसके साथ ही, इसके खर्चों को पूरा करने, वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए भी फंड का इस्तेमाल किया जाएगा।
Solar91 Cleantech का कारोबार
सोलर91 क्लीनटेक लिमिटेड की स्थापना 2015 में चार आईआईटी ग्रेजुएट्स द्वारा क्लीन एनर्जी में योगदान देने के उद्देश्य से की गई थी। जयपुर में मुख्यालय वाली यह कंपनी देश भर में कमर्शियल और इंडस्ट्रियल ग्राहकों को टर्नकी ईपीसी सर्विस प्रदान करती है। प्रतीक अग्रवाल, सौरभ व्यास, संदीप गुरनानी और धवल गौरांग वासवदा कंपनी के प्रमोटर हैं।
सोलर91 ने 13 भारतीय राज्यों में लगभग 94 मेगावाट की वितरित सौर परियोजनाओं को सफलतापूर्वक चालू किया है और वर्तमान में राजस्थान और कर्नाटक में एक स्वतंत्र बिजली उत्पादक (IPP) के रूप में पीएम कुसुम योजना के तहत 171 मेगावाट से अधिक की ऑर्डर बुक रखती है।
कंपनी राजस्थान और कर्नाटक में कैप्टिव ओपन एक्सेस कंज्यूमर्स के लिए सक्रिय रूप से सोलर पार्क विकसित कर रही है। सोलर91 को नीदरलैंड स्थित एनर्जी एक्सेस रिलीफ फंड से इंस्टीट्यूशनल डेट सपोर्ट मिली है, जो APAC और अफ्रीका में क्लीन एनर्जी संगठनों का सपोर्ट करता है।
Solar91 Cleantech का फाइनेंशियल
वित्त वर्ष 24 में कंपनी ने 43 करोड़ रुपये का रेवेन्यू, 3.84 करोड़ रुपये का EBITDA और 2.3 करोड़ रुपये का PAT हासिल किया। सोलर91 क्लीनटेक के चेयरपर्सन और होल टाइम डायरेक्टर सौरभ व्यास ने कहा, "यह आईपीओ कंपनी के लिए एक नया चैप्टर है, जो हमें अपने विकास में तेजी लाने, अपने आईपीपी पोर्टफोलियो का विस्तार करने और घरेलू, कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों में ग्राहकों को सस्टेनेबल, हाई क्वालिटी वाले सोलर एनर्जी सॉल्यूशन प्रदान करने में सक्षम बनाता है।"
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।