स्पेशियलिटी केमिकल बनाने वाले कंपनी सर्वाइवल टेक्नोलॉजीज (Survival Technologies) ने अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने के लिए मार्केट रेगुलेट सेबी (SEBI) के पास आवेदन जमा कराए हैं। कंपनी अपने IPO से करीब 1,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी की तरफ से जमा किए गए डॉक्यूमेंट DRHP के मुताबिक, स्पेशियलिटी अपने IPO में 200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करेगी। वहीं कंपनी के प्रमोटर और मौजूदा शेयरधारक बाकी 800 करोड़ रुपये तक के शेयर को बिक्री के लिए रखेंगे। इन शेयरधारकों में विजयकुमार रघुनंदन प्रसाद अग्रवाल 544.41 करोड़ रुपये, निमाई विजय अग्रवाल 212.41 करोड़ रुपये और प्रभा विजय अग्रवाल 43.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे।
डॉक्यूमेंट के मुताबिक, कंपनी IPO पहले शेयरों के प्री-प्लेसमेंट की कोशिश में है। अगर ऐसा होता है तो IPO का साइज घट जाएगा। JM फाइनेंशियल और ICICI सेक्योरिटीज इस IPO की लीड मैनेजर हैं।
सर्वाइवल टेक्नोलॉजीज ने बताया कि नए शेयर जारी करने से जो उसे पैसे मिलेंगे, उसमें से 175 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल जरूरतों और दूसरे सामान्य कामकाज को पूरा करने में किया जाएगा। अक्टूबर 2022 तक के आंकड़े के मुताबिक, कंपनी के पास 43 करोड़ रुपये की वर्किंग कैपिटल फैसिलिटीज हैं।
सर्वाइवल टेक्नोलॉजीज एक भारतीय स्पेशियलिटी केमिकल है, जिसका फोकस कॉन्ट्रैक्स रिसर्च एंड मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज (CRAMS) पर है। यह देश की उन कुछ चुनिंदा स्पेशियलिटी केमिकल कंपनियों में से एक है जो हेट्रोसाइक्लिक और फ्लोरो-ऑर्गेनिक प्रोडक्ट ग्रुप से चुनिंदा प्रोडक्ट्स को भारत व विदेशों में बिक्री के लिए बनाती है। कंपनी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कंपनियों के लिए CRAMS चलाती है।
1 अप्रैल 2007 से 31 मार्च 2022 के बीच, कंपनी ने 677 प्रोडक्ट्स का सिंथेसाइज किया है जिनमें से 500 से अधिक का कमर्शियल रूप से उत्पादन किया गया है और कई देशों के ग्राहकों को बेचा गया है। कंपनी के पास 3 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं, जिनमें दो अंकलेश्वर में और एक गुजरात के सरिगम में है।
कंपनी का वित्त वर्ष 2022 में शुद्ध मुनाफा 73.46 करोड़ रुपये रहा था, जो इसके पिछले वित्त वर्ष में 56.32 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2022 में 311.78 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष में 274.79 करोड़ रुपये रहा था।