बेबी डायपर, एडल्ट डायपर और महिलाओं के हाइजीन प्रोडक्ट्स बनाने वाली भारतीय कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर, स्वरा बेबी ने IPO के जरिए फंड जुटाने का प्लान बनाया है। कंपनी ने सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल कर दिया है। इश्यू का साइज ₹1,000 करोड़ रह सकता है। इस IPO में ₹500 करोड़ के नए इक्विटी शेयर जारी होंगे। साथ ही मौजूदा निवेशकों की ओर से 'ऑफर फॉर सेल' (OFS) भी रहेगा।
OFS में FirstCry की पेरेंट कंपनी, Brainbees Solutions Ltd. की ओर से ₹300 करोड़ तक के शेयरों की बिक्री की जाने वाली है। Brainbees के पास अभी स्वरा बेबी में 76.59% हिस्सेदारी है। Brainbees Solutions के साथ-साथ आलोक बिड़ला भी कंपनी के प्रमोटर्स में शामिल हैं।
7 कैटेगरी में प्रोडक्ट बनाती है Swara Baby
स्वरा बेबी कंपनी बेबी केयर, एडल्ट इनकंटीनेंस और महिलाओं की हाइजीन कैटेगरी में डिस्पोजेबल हाइजीन प्रोडक्ट्स बनाती है। 2021 में इसने एक सिंगल-प्रोडक्ट से शुरुआत की थी। अब यह 7 कैटेगरी में ऑपरेशनल है। इनमें बेबी पैंट-स्टाइल डायपर, बेबी टेप-स्टाइल डायपर, एडल्ट पैंट-स्टाइल डायपर, एडल्ट टेप-स्टाइल डायपर, सैनिटरी नैपकिन और पैंटी लाइनर शामिल हैं।
वित्त वर्ष 2025 में स्वरा बेबी ने ₹84 करोड़ का रेवेन्यू और ₹5.2 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। पिछले साल, कंपनी ने FirstCry के BabyHug ब्रांड के तहत एक डायपर लॉन्च किया था। इसमें ऐसी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है जो पारंपरिक वुड पल्प के इस्तेमाल को 7% तक कम कर देती है। कंपनी का दावा है कि वह भारत में इस टेक्नोलॉजी को लाने वाली पहली कंपनी है। स्वरा बेबी के पब्लिक इश्यू के लिए JM Financial और Avendus Capital बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।