Syrma SGS Technology IPO : प्राइमरी मार्केट में लगभग 80 दिन के सन्नाटे के बाद शुक्रवार, 12 अगस्त को सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजी का आईपीओ बाजार में लॉन्च होने जा रहा है। इंजीनियरिंग और डिजाइन कंपनी Syrma SGS Tech का इश्यू 18 अगस्त तक खुला रहोगा। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 24 अगस्त को होने वाली है। इसके जरिए कंपनी की प्रमोटर वीणा कुमारी टंडन (Veena Kumari Tandon) अपने 33.69 लाख शेयर बेचेंगी। इसके अलावा 766 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे।
840 करोड़ रुपये जुटाएगी कंपनी
अपर प्राइस बैंड पर कंपनी कुल 840 करोड़ रुपये जुटाएगी। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 209-220 रुपए तय किया गया है। कंपनी के इश्यू का लॉट साइज 68 शेयरों का है। रिटेल निवेशक कम से कम 14,960 रुपए और ज्यादा से ज्यादा 1,94,480 रुपए निवेश करेंगे।
Syrma SGS Technology एक टेक्नोलॉजी फोकस्ड इंजीनियरिंग और डिजाइन कंपनी है जो टर्नकी इलेक्ट्रोनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग सर्विसेस कारोबार में है। इसके अलावा कंपनी ऑटोमोटिव , हेल्थकेयर, कंज्यूमर प्रोडक्ट जैसे सेक्टरों को भी अपनी इंजीनियरिंग और डिजाइन सेवाएं देती है। उसके हिमाचल, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में 11 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। उसकी तमिलनाडु, हरियाणा और जर्मनी में आरएंडडी फैसिलिटीज भी है ।
डैम कैपिटल, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और आईआईएफएल सिक्योरिटीज को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है।
Syrma SGS Technology IPO: आज क्या चल रहा है जीएमपी
आईपीओ खुलने से एक दिन पहले अपर बैंड की तुलना में ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 15 रुपए चल रहा है। इस हिसाब से कंपनी का इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 235 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। हालांकि, स्टॉक मार्केट एनालिस्ट्स ने GMP के आधार पर निवेश के फैसले को लेकर आईपीओ के निवेशकों को आगाह किया है। उन्होंने कहा कि जीएमपी एक गैर आधिकारिक डाटा है।
कैसे रहे हैं कंपनी के नतीजे
Syrma ने मजबूत रेवेन्यू और परिचालन प्रदर्शन के दम पर मार्च, 2022 में समाप्त वित्त वर्ष के दौरान 16.6 फीसदी की सालाना ग्रोथ के साथ 76.46 करोड़ रुपये का प्रोफोर्मा प्रॉफिट दर्ज किया था। वहीं प्रोफोर्मा रेवेन्यू 43 फीसदी बढ़कर 1,266.6 करोड़ रुपये हो गया।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
Syrma SGS Technology फ्रेश इश्यू से जुटाए गए फंड का इस्तेमाल कामकाजी जरूरतों को पूरा करने, मैन्युफैक्चरिंग और R&D को बढ़ाने में करेगी। इसके अलावा दूसरी कारोबारी जरूरतों और लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए फंड का इस्तेमाल होगा।
क्या आपको करना चाहिए सब्सक्राइब?
शेयर इंडिया सिक्योरिटीज के वीपी और हेड (रिसर्च) रवि सिंह ने कहा, सिरमा इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज में काम करती है और इस सेगमेंट का आउटलुक पॉजिटिव है। कंपनी ऊंचे मार्जिन वाले प्रोडक्ट्स पर जोर दे रही है। IPO की वैल्यूएशन के लिहाज से अच्छी कीमत है और इनवेस्टर्स मीडियम से लॉग्न टर्म के लिहाज से इसमें निवेश कर सकते हैं।