Tamilnad Mercantile Bank IPO: देश के सबसे पुराने प्राइवेट बैंकों में शामिल तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक (TMB) का इश्यू आज यानी 5 सितंबर को खुल गया है। कंपनी का इश्यू 7 सितंबर को बंद होने वाला है। तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के IPO का प्राइस बैंड 500-525 रुपए है। बैंक इश्यू से करीब 832 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इश्यू से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल बैंक की कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए टियर-1 पूंजी को बढ़ाने में किया जाएगा। इश्यू का लॉट साइज 28 शेयरों का तय किया गया है।
पिछले तीन हफ्ते में आने वाला यह तीसरा आईपीओ है। इससे पहले आए दो आईपीओ- सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजी (Syrma SGS Technology) और ड्रीमफोक्स सर्विसेज (DreamFolks Services) को निवेशकों का मजबूत रिस्पॉन्स मिला था और ये क्रमश: 32.6 गुना और 56.7 गुना सब्सक्राइब हुए थे।
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
एजकॉन ग्लोबल (Ajcon Global) ने एक नोट में कहा, "अपर प्राइस बैंड पर, तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक IPO का वैल्यू इसके पोस्ट-आईपीओ बुक वैल्यू का 1.35 गुना है, जो कि इसके मजबूत फंडामेंटल को देखते हुए अच्छा है।" एजकॉन ग्लोबल ने बैंक की मजबूत विरासत, एक लॉयल कस्टमर बेस, बैंक के सर्विस फ्रेंमवर्क में सुधार पर फोकस करने, तमिलनाडु में मजबूत उपस्थिति और लगातार बढ़ते डिपॉजिट बेस को देखते इस IPO को सब्सक्राइब करने की सिफारिश की है।
Yes Securities ने तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के इश्यू को सब्सक्राइब की रेटिंग दी है। एनालिस्ट्स के मुताबिक इसका एसेट क्वालिटी अब स्थिर लेवल पर है और इसका लोन ग्रोथ भी बेहतर है। डिपॉजिट्स की अधिक लागत के बावजूद इसका नेट इंटेरेस्ट मार्जिन हेल्दी है। इन सबके अलावा बैंक के मजबूत रिस्क मैनेजमेंट सिस्टम के चलते एक्सपर्ट्स इसमें लॉन्ग टर्म के लिहाज से निवेश की सलाह दे रहे हैं। इसमें निवेश को लेकर रिस्क की बात करें तो जो कानूनी मसले लटके हैं, अगर उनमें बैंक के खिलाफ फैसला आता है तो बैंक के कारोबार पर असर दिख सकता है।
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के शेयरों का अलॉटमेंट 12 सितंबर को होगा और इसकी बीएसई व एनएसई पर लिस्टिंग 15 सितंबर को हो सकती है।
एंकर इनवेस्टर्स से जुटाए 363 करोड़ रुपए
आईपीओ खुलने से पहले तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक ने एंकर निवेशकों से 363 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं और इन्हें 510 रुपये प्रति शेयर के भाव से 71.28 लाख इक्विटी शेयर जारी किए गए हैं। ग्रे मार्केट की बात करें तो जीएमपी (ग्रे मार्केट प्रीमियम) में लगातार गिरावट दिख रही है और इसका जीएमपी 40 रुपये से फिसलकर 25 रुपये तक आ गया है। ग्रे मार्केट में गिरावट के बाद भी अभी इसके शेयर प्रीमियम भाव पर हैं।
ग्रे मार्केट प्रीमियम से क्या हैं संकेत
बाजार के जानकारों के मुताबिक तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के शेयर 25 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड हो रहे हैं। इसका मतलब हुआ कि बैंक के शेयर प्राइस बैंड के अपर प्राइस से करीब 25 रुपये यानी कि 550 रुपये पर लिस्ट हो सकते हैं। एक दिन पहले यह 36 रुपये के प्रीमियम भाव पर था। जानकारों के मुताबिक सिर्फ ग्रे मार्केट से मिले संकेतों के आधार पर निवेश करना सही नहीं है बल्कि इसकी बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और वित्तीय प्रदर्शन के आधार पर फैसला लेना चाहिए।
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक करीब 100 साल पुराना बैंक है और इसकी स्थापना 1921 में हुई थी। यह बैंक माइक्रो, स्माल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (MSMEs), किसानों और खुदरा ग्राहकों को बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज मुहैया कराता है। 31 मार्च 2022 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इसके 509 ब्रांच और 50.8 ग्राहक हैं। तमिलनाड मे 369 ब्रांच के अलावा यह बैंक देश के 15 अन्य राज्यों व 4 केंद्र शासित प्रदेशों में भी मौजूद है।
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका ग्रॉस एनपीए वित्त वर्ष 2022 में सालाना आधार पर 3.44 फीसदी से सुधरकर 1.69 फीसदी और नेट एनपीए 1.98 फीसदी से 0.95 फीसदी पर आ गया। चालू खाते और बचत खाते में डिपॉजिट का अनुपात CASO Ratio भी सुधरकर सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2021-22 में 28.52 फीसदी से 30.5 फीसदी हो गया। प्रॉफिट की बात करें तो इसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 36 फीसदी उछलकर 821.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया और ब्याज से होने वाली नेट इनकम 18 फीसदी की उछाल के साथ 1815.23 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।