निजी क्षेत्र के बैंक तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक (Tamilnad Mercantile Bank) ने शुक्रवार को कहा कि उसने अपनी शुरुआती शेयर बिक्री से पहले एंकर निवेशकों से 363.53 करोड़ रुपये जुटाए हैं। बैंक का आईपीओ सोमवार (5 सितंबर) को सार्वजनिक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 7 सितंबर को बंद होगा।
बीएसई की वेबसाइट पर अपलोड किए गए एक सर्कुलर के मुताबिक बैंक ने एंकर निवेशकों को कुल 71,28,000 इक्विटी शेयर 510 रुपये के भाव पर आवंटित किए हैं। इससे बैंक को कुल मिलाकर 363.53 करोड़ रुपये मिले हैं।
नोमुरा, ociete Generale, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस, कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस, Bajaj Allianz लाइफ इंश्योरेंस, चोलामंडलम जनरल इंश्योरेंस, ऑथम इन्वेस्टमेंट, Alchemie वेंचर्स, मनीवाइज फाइनेंशियल सर्विसेज, ब्लेंड फंड एंकर निवेशकों में शामिल हैं।
रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (Red Herring Prospectus (RHP) के अनुसार आईपीओ 1.58 करोड़ इक्विटी शेयरों का एक नया इश्यू होगा। तूतीकोरिन (uticorin) स्थित बैंक भविष्य की पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपने टियर- I कैपिटल बेस को बढ़ाने के लिए इस इश्यू से प्राप्त पैसे का उपयोग करेगा।
तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक लगभग 100 वर्षों के इतिहास के साथ देश के सबसे पुराने प्राइवेट सेक्टर के बैंकों में से एक है। यह मुख्य रूप से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs), कृषि और रिटेल ग्राहकों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराता है।
बैंक को आईपीओ के जरिये 831.6 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद है। बैंक ने कहा कि इश्यू का 75 प्रतिशत भाग पात्र संस्थागत निवेशकों के लिए, 15 प्रतिशत गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए और शेष 10 प्रतिशत रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित किया गया है।
एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स लिमिटेड और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड पब्लिक इश्यू के लिए बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं। इक्विटी शेयरों को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव किया गया है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)