Tata Tech IPO : ग्लोबल इंजीनियरिंग सर्विसेज फर्म टाटा टेक्नोलॉजीज ने आज 21 नवंबर को एंकर निवेशकों से 791 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। कंपनी ने बताया कि उसने यह फंड 500 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 67 निवेशकों से जुटाए हैं। आईपीओ के लिए 475-500 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। करीब 20 सालों में यह पहला मौका है, जब टाटा ग्रुप की किसी कंपनी का आईपीओ खुलने वाला है। इसके पहले साल 2004 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का आईपीओ आया था। यह इश्यू कल यानी 22 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 24 नवंबर को बंद हो जाएगा।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "टाटा टेक्नोलॉजीज ने बुक रनिंग लीड मैनेजरों के परामर्श से एंकर निवेशकों को 500 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 1,58,21,071 इक्विटी शेयरों का आवंटन किया है।"
टाटा टेक्नोलॉजीज ने कहा, "एंकर बुक में कुल 1,58,21,071 इक्विटी शेयरों में से 13 घरेलू म्यूचुअल फंड ने कुल 39 स्कीम के माध्यम से पब्लिक इश्यू के लिए अप्लाई किया है।" एंकर निवेशक इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स होते हैं। इन्हें निवेशकों का भरोसा बढ़ाने के लिए आईपीओ खुलने से पहले शेयरों को सब्सक्राइब करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।
ग्लोबव इनवेस्टर्स जैसे गोल्डमैन सैक्स, सरकारी पेंशन फंड ग्लोबल, बीएनपी पारिबा फंड, प्रूडेंशियल एश्योरेंस कंपनी, एचएसबीसी ग्लोबल, फ्लोरिडा रिटायरमेंट सिस्टम, ओकट्री इमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी फंड, ब्रिंकर कैपिटल डेस्टिनेशन ट्रस्ट, ग्रेट ईस्टर्न लाइफ-सिंगापुर लाइफ इंश्योरेंस फंड, आरबीसी एशिया पैसिफिक एक्स -जापान इक्विटी फंड और कॉप्थॉल मॉरीशस इन्वेस्टमेंट ने एंकर बुक में भाग लिया।
घरेलू म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियां, जिन्होंने पुणे स्थित फर्म में भी निवेश किया है उनमें SBI म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, निप्पॉन लाइफ, आदित्य बिड़ला सन लाइफ ट्रस्टी, फ्रैंकलिन टेम्पलटन म्यूचुअल फंड, SBI लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, कोटक म्यूचुअल फंड, DSP म्यूचुअल फंड, HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, मिराए एसेट म्यूचुअल फंड, बंधन म्यूचुअल फंड, एडलवाइस ट्रस्टीशिप, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, सुंदरम म्यूचुअल फंड, एक्सिस म्यूचुअल फंड, केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड, कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, जेएम फाइनेंशियल म्यूचुअल फंड, बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी शामिल हैं।
टाटा टेक्नोलॉजीज IPO: जरूरी तारीखें
टाटा टेक्नोलॉजीज के आईपीओ 22 नवंबर 2023 को खुलेगा और इसमें 24 नवंबर 2023 तक निवेश किया जा सकेगा। टाटा टेक्नोलॉजीज के IPO आवंटन की तारीख 27 नवंबर 2023 को होने की संभावना है। वहीं टाटा टेक्नोलॉजीज IPO के लिस्टिंग 29 नवंबर 2023 को होने की उम्मीद है।
टाटा टेक्नोलॉजीज का IPO: लॉट साइज
टाटा टेक्नोलॉजीज के IPO में बोली लगाने के लिए लॉट के हिसाब से बोली लगाना होगा। एक लॉट में कंपनी के 30 शेयर शामिल होंगे। इसलिए एक रिटेल निवेशक को इस आईपीओ के आवेदन के लिए कम से कम 15,000 रुपये (500 x 30 रुपये) की जरूरत होगी।
टाटा टेक्नोलॉजीज ने 1994 में अपने कारोबार की शुरुआत की थी यह एक ग्लोबल इंजीनियरिंग सर्विस कंपनी है। यह ओरिजनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEM) और उनके टियर 1 सप्लायर्स को टर्नकी और डिजिटल सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। कंपनी ऑटोमोटिव सेगमेंट में व्यापक ज्ञान का दावा करती है और इसने एयरोस्पेस व हैवी कंस्ट्रक्शन मशीनरी सेगमेंट में अपनी का विस्तार किया है। टाटा मोटर्स इसकी प्रमोटर कंपनी है। सितंबर 2023 तक कंपनी में 12,451 कर्मचारी थे।