हाल में स्टॉक मार्केट्स में लिस्ट हुए कई स्टॉक्स को बिकवाली का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, इनमें से कई शेयरों में लॉक-इन पीरियड 10 अक्टूबर से जनवरी 2024 के अंत के बीच एक्सपायर होने जा रहा है। लॉक-इन खत्म होते ही इन कंपनियों के आईपीओ में लिस्टिंग से पहले निवेश करने वाले इनवेस्टर्स को अपने शेयर बेचने की इजाजत होगी। आम तौर पर लॉक-इन पीरियड खत्म होने पर शेयरों में बिकवाली देखने को मिलती है। नुवामा ने अपनी रिपोर्ट में इस बारे में बताया है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि 10 अक्टूबर से 31 जनवरी, 2024 के बीच 44 कंपनियों के स्टॉक्स में लॉक-इन पीरियड खत्म होने जा रहा है। इस रिपोर्ट में इन कंपनियों के इनवेस्टर्स की एनालिसिस की गई है। इनमें प्रमोटर्स और नॉन-प्रमोटर्स दोनों तरह के शेयरहोल्डर्स शामिल हैं। इन कंपनियों के शेयरों की लिस्टिंग सितंबर 2020 से अक्टूबर 2023 के बीच हुई थी।
2.10 लाख करोड़ की बिकवाली हो सकती है
मनीकंट्रोल के एनालिसिस में यह पता चला है कि अगर इन कंपनियों के इनवेस्टर्स लॉक-इन एक्सपायरी के बाद अपनी कुछ या पूरी हिस्सेदारी बेचते हैं तो इन कंपनियों से करीब 2,10,782 करोड़ रुपये निकल जाएंगे। यह अनुमान इन शेयरों के 9 अक्टूबर को क्लोजिंग प्राइस के आधार पर है। कुल अनुमानित आउटफ्लो में से 6,567 करोड़ बिकवाली अक्टूबर में और 1,59,631 करोड़ रुपये की बिकवाली नवंबर में हो सकती है। दिसंबर में करीब 8,573 करोड़ रुपये की बिकवाली हो सकती है। अगले साल जनवरी में 36,011 करोड़ रुपये की बिकवाली हो सकती है।
इन शेयरों में इश्यू प्राइस से नीचे कारोबार
मनीकंट्रोल के एनालिसिस में शामिल 44 स्टॉक्स में 8 में इश्यू प्राइस से नीचे कारोबार हो रहा है। सबसे ज्यादा गिरावट स्टार हेल्थ के स्टॉक में देखने को मिली है। यह स्टॉक अपने इश्यू प्राइस से 33 फीसदी से ज्यादा गिर चुका है। इसके बाद LIC के शेयरों में 22 फीसदी गिरावट आई है। Chemcon Specialty के स्टॉक में 19 फीसदी और Tracxn Tech के स्टॉक में 5 फीसदी गिरावट आई है। 10 शेयरों में 100 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। 15 स्टॉक्स की कीमतें इश्यू प्राइस के मुकाबले 50-95 फीसदी तक चढ़ी हैं। करीब 18 शेयरों में 20-45 फीसदी की तेजी आई है।
इन शेयरों ने निवेशकों को किया मालामाल
Mazagon Dock Shipbulders का स्टॉक 1,384 फीसदी चढ़ा है। हैपिएस्ट माइंड्स का स्टॉक 416 फीसदी चढ़ा है। Kaynes Tech का स्टॉक 334 फीसदी, IRFC, Cyient और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयरों में क्रमश: 188 फीसदी, 155 फीसदी और 136 फीसदी तेजी आई है।