Upcoming IPO: अगले हफ्ते प्राइमरी मार्केट में हलचल देखने को मिल सकती है। CMR Green Technologies और Hexagon Nutrition अपने IPO लॉन्च करने जा रही हैं। दोनों इश्यू का कुल आकार करीब 770 करोड़ रुपये है।

Upcoming IPO: अगले हफ्ते प्राइमरी मार्केट में हलचल देखने को मिल सकती है। CMR Green Technologies और Hexagon Nutrition अपने IPO लॉन्च करने जा रही हैं। दोनों इश्यू का कुल आकार करीब 770 करोड़ रुपये है।
हालांकि दोनों IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) हैं। यानी इन इश्यू से जुटाई गई रकम कंपनियों को नहीं मिलेगी। पूरा पैसा अपने शेयर बेचने वाले प्रमोटरों और मौजूदा निवेशकों के पास जाएगा।
बाजार में सुस्ती के बीच आ रहे IPO
ये IPO ऐसे समय आ रहे हैं जब शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण प्राइमरी मार्केट की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी हुई है। हाल के हफ्तों में कई कंपनियों को बाजार नियामक से मंजूरी मिली है, लेकिन कमजोर बाजार माहौल के चलते कई कंपनियों ने अपने IPO लॉन्च करने का फैसला टाल दिया।
साल 2026 में अब तक Fractal Analytics, Shadowfax Technologies और Bharat Coking Coal समेत करीब 20 कंपनियां मेनबोर्ड IPO के जरिए शेयर बाजार में उतर चुकी हैं।
CMR Green Technologies IPO
नॉन-फेरस मेटल रीसाइक्लिंग कंपनी CMR Green Technologies का IPO 3 जून से 5 जून तक खुला रहेगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली 2 जून को खुलेगी। कंपनी ने IPO के लिए 182 रुपये से 192 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इश्यू का कुल आकार 630.62 करोड़ रुपये है।
यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल है। इसके तहत प्रमोटर और एक निवेशक शेयरधारक मिलकर 3.28 करोड़ तक इक्विटी शेयर बेचेंगे। इसलिए IPO से जुटाई गई रकम कंपनी के पास नहीं जाएगी।
GMP में दिख रही मजबूती
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक IPO खुलने से पहले CMR Green का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) मजबूत बना हुआ है।
पिछले दो कारोबारी सत्रों में इसका GMP 25 रुपये से 30 रुपये प्रति शेयर के बीच रहा। 29 मई को GMP 30 रुपये था। 30 मई को यह 25 रुपये पर था। वहीं, 31 मई को यह बढ़कर 34 रुपये पर पहुंच गया। इस हिसाब से निवेशकों को करीब 17% का लिस्टिंग गेन मिलने के संकेत हैं। लेकिन, इसमें लगातार बदलाव होता रहता है।
क्या करती है CMR Green?
फरीदाबाद स्थित CMR Green एल्युमीनियम अलॉय, जिंक अलॉय और स्टेनलेस स्टील, कॉपर, ब्रास, लेड और मैग्नीशियम जैसे धातुओं से जुड़े स्क्रैप की प्रोसेसिंग और निर्माण का काम करती है। कंपनी देशभर में 13 रीसाइक्लिंग यूनिट संचालित करती है। इसका खरीद नेटवर्क भारत के अलावा एशिया, अफ्रीका, पश्चिम एशिया, यूरोप और अमेरिका तक फैला हुआ है।
इसके ग्राहक मुख्य रूप से ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े हैं। इनमें Honda Cars India, Bajaj Auto, Hero MotoCorp, Royal Enfield, Endurance Technologies, Rockman Industries और Craftsman Automation जैसी कंपनियां शामिल हैं।
Hexagon Nutrition IPO
Hexagon Nutrition का IPO 5 जून को खुलेगा और 9 जून को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली 4 जून को खुलेगी। कंपनी ने 42 रुपये से 45 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इश्यू का आकार करीब 139 करोड़ रुपये है।
प्रमोटर बेचेंगे अपने शेयर
यह IPO भी पूरी तरह OFS है। इसके तहत प्रमोटर 3.08 करोड़ से ज्यादा इक्विटी शेयर बेचेंगे प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर के हिसाब से इश्यू का आकार 138.87 करोड़ रुपये बैठता है। कंपनी का कहना है कि लिस्टिंग से उसकी पहचान बढ़ेगी, ब्रांड को मजबूती मिलेगी और मौजूदा शेयरधारकों को अपने निवेश में लिक्विडिटी मिलेगी। इसके GMP में फिलहाल ज्यादा हलचल नहीं दिख रही है।
क्या करती है Hexagon Nutrition?
1993 में स्थापित Hexagon Nutrition ने शुरुआत माइक्रो-न्यूट्रिएंट फॉर्मूलेशन कंपनी के रूप में की थी। बाद में कंपनी ने ब्रांडेड न्यूट्रिशन उत्पादों के कारोबार में विस्तार किया। कंपनी के प्रमुख ब्रांड्स में Pentasure, Obesigo और Pediagold शामिल हैं।
ये हेल्थ, वेलनेस और क्लीनिकल न्यूट्रिशन सेगमेंट में काम करते हैं। Hexagon Nutrition की मौजूदगी दुनिया के 75 देशों में है।
कब होगी शेयरों की लिस्टिंग?
CMR Green Technologies के शेयरों की लिस्टिंग 10 जून को होने की संभावना है। वहीं Hexagon Nutrition के शेयर 12 जून को शेयर बाजार में डेब्यू कर सकते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।