Upcoming IPO: फिर मिलेगा कमाई का मौका! सर्वर बनाने वाली ये दिग्गज कंपनी लाएगी ₹700 करोड़ का आईपीओ

सर्वर बनाने वाली कंपनी नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड (Netweb Technologies India Ltd) ने अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर जमा किया है। कंपनी अपने IPO से करीब 700 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी अपने IPO में 257 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करेगी

अपडेटेड Mar 29, 2023 पर 6:57 PM
Netweb अपने IPO से पहले 51 करोड़ के प्री-प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है

सर्वर बनाने वाली कंपनी नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड (Netweb Technologies India Ltd) ने अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर जमा किया है। कंपनी अपने IPO से करीब 700 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। सेबी के पास जमा कराए डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, कंपनी अपने IPO में 257 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करेगी। वहीं इसके प्रमोटरों की ओर से करीब 85 लाख शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) लाया जाएगा। OFS में जो प्रमोटर अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे, उनमें संजय लोढ़ा, विवेक लोढ़ा, नवीन लोढ़ा, नीरज लोढ़ा और अशोक बजाज ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।

कंपनी आईपीओ से पहले 51 करोड़ रुपये के प्री-प्लेसमेंट पर भी विचार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो IPO का मूल साइज कम हो जाएगा। मर्चेंट बैंकिंग सूत्रों ने कहा कि आईपीओ का आकार 600-700 करोड़ रुपये के बीच हो सकता है।

कंपनी ने बताया कि नए शेयरों को जारी कर मिले पैसों में से 32.77 करोड़ रुपये कैपिटल एक्सपेंडिचर, 28.02 करोड़ रुपये लंबी अवधि की वर्किंग कैपिटल जरूरतों और 22.5 करोड़ रुपये कर्ज के भुगतान पर खर्च किया जाएगा। वहीं बाकी रकम को दूसरे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च किया जाएगा।


यह भी पढ़ें- Bajaj Auto Share Price: सरपट दौड़ रहा बजाज ऑटो का शेयर, इस टारगेट पर ब्रोकरेज ने दी निवेश की सलाह

दिल्ली एनसीआर में मुख्यालय वाली नेटवेब टेक्नोलॉजीज देश की अग्रणी हाई-एंड कंप्यूटिंग सॉल्यूशंस (HCS) मुहैया कराने वाली कंपनियों में से एक है। यह देश के उन चुनिंदा ओरिजनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEM) में से एक है, जिन्हें भारत सरकार की PLI स्कीम के तहत समर्थन मिला है।

वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी की कारोबार से आय 73 प्रतिशत बढ़कर 247.03 करोड़ रुपये रही थी। वहीं इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 22.45 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।