Valiant Laboratories के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 6 अक्टूबर को होने वाली है। एनालिस्ट्स का मानना है कि कंपनी के शेयर आईपीओ प्राइस से 15-18 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हो सकते हैं। इस आईपीओ को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली और यह कुल 29.76 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी ने इसके लिए 133-140 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा था। वैलिएंट लेबोरेटरीज की अपर प्राइस बैंड पर आईपीओ के माध्यम से 152.46 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है।
क्या है एक्सपर्ट्स की राय
एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि यह शेयर 6 अक्टूबर को 161-168 रुपये के बीच खुल सकता है। पेरासिटामोल बनाने वाली इस कंपनी को बेहतर फाइनेंशियल परफॉर्मेंस और विस्तार योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, एनालिस्ट्स ने इस बात पर चिंता जताई है कि यह कंपनी सिंगल-प्रोडक्ट मैन्युफैक्चरर है।
स्वस्तिक इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड की वेल्थ प्रमुख शिवानी न्याति ने कहा, "कुछ चिंताएं हैं क्योंकि यह सिंगल-प्रोडक्ट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। यह सीमित संख्या में सप्लायर्स और कस्टमर्स पर निर्भर है। साथ ही, इस इंडस्ट्री में काफी कंपटीशन भी है। निवेशकों को अच्छा लिस्टिंग गेन मिल सकता है, लेकिन उन्हें इससे जुड़े जोखिमों के बारे में भी सतर्क रहना चाहिए।"
ग्रे मार्केट में भी इस आईपीओ को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। यह इश्यू आज 5 अक्टूबर को अनलिस्टेड मार्केट में 20 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से निवेशकों को 14.29 फीसदी का मुनाफा होने की संभावना है।
29.76 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू
यह इश्यू कुल 29.76 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसे कुल 22.68 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली जबकि ऑफर पर 76.23 लाख शेयर थे। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के हिस्से को 20.83 गुना और नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के हिस्से को 73.64 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। रिटेल निवेशक का हिस्सा 16.06 गुना सब्सक्राइब हुआ है।
वैलिएंट लैबोरेटरीज एक एक्टिव फार्मास्युटिकल इनग्रेडिएंट्स या बल्क ड्रग मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है जिसका फोकस पेरासिटामोल बनाने पर है। इस दवाई का उपयोग सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, गठिया, पीठ दर्द, दांत दर्द, सर्दी और बुखार के इलाज में किया जाता है। कंपनी का स्वामित्व धनवल्लभ वेंचर्स एलएलपी सहित प्रमोटरों के पास है, जिनकी 62.5 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी में प्रमोटर शांतिलाल शिवजी वोरा और संतोष शांतिलाल वोरा की 10.01 फीसदी हिस्सेदारी है। बीएसई और एनएसई पर लिस्ट एंटिटी वैलेंट ऑर्गेनिक्स 73.15 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ धनवल्लभ वेंचर्स एलएलपी की प्रमोटर है।