Vedant Fashions IPO: मान्यवर के शेयरों की लिस्टिंग कल, बाजार के कमजोर सेंटीमेंट का कितना दिखेगा असर?

Vedant Fashions IPO Listing: एक्सपर्ट्स का मानना है कि वेदांत फैशंस के शेयरों की लिस्टिंग अपने इश्यू प्राइस पर या कुछ फीसदी के डिस्काउंट पर हो सकती है

अपडेटेड Feb 15, 2022 पर 5:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Vedant Fashions IPO की कल 16 फरवरी को होगी लिस्टिंग

Vedant Fashions IPO: वेदांत फैशन के शेयर कल यानी बुधवार 16 फरवरी को शेयर बाजारों में लिस्ट होंगे। हालांकि बाजार के जानकारों को इसकी लिस्टिंग कमजोर रहने की उम्मीद है। उनका कहना है कि उसके इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) को निवेशकों से मिली कमजोर प्रतिक्रिया और बाजार के मौजूदा कमजोर सेंटीमेंट का असर उसके लिस्टिंग पर देखने को मिलेगा। वेदांत फैशंस पुरुषों के लिए इंडियन वेंडिंग और एथनिक वियर बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी है।

वेदांत फैशंस का IPO पूरी तरह ऑफर-फॉर-सेल (OFS) था। इसका मतलब है कि इस IPO से कंपनी को भी रकम नहीं मिलेगी, बल्कि यह सारा पैसा प्रमोटरों और शेयरहोल्डरों के पास जाएगा। इसके अलावा कंपनी के वैल्यूएशन को भी कई एक्सपर्ट अधिक बता रहे हैं, जिनका असर लिस्टिंग प्राइस पर कल देखने को मिल सकता है।

एक्सपर्ट्स का मोटे तौर पर यह मानना है कि वेदांत फैशंस के शेयरों की अपने इश्यू प्राइस पर फ्लैट लिस्टिंग होगी या ये कुछ फीसदी के डिस्काउंट पर भी लिस्ट हो सकते हैं। वेदांत फैशंस के लिए इश्यू प्राइस 866 रुपये प्रति शेयर तय हुआ है।


यह भी पढ़ें- Zomato के शेयर आज आईपीओ इश्यू प्राइस से नीचे फिसला, एक्सपर्ट्स से जानिए क्या है आपके लिए खरीद का मौका?

वेदांत फैशंस का IPO 4 से 8 फरवरी तक बोली के लिए खुला था। हालांकि इससे निवेशकों से काफी कमजोर प्रतिक्रिया मिली और आखिरी दिन तक यह 2.57 गुना अधिक सब्सक्राइब हुआ था। हालांकि रिटेल निवेशकों ने वेदांत फैशंस के IPO में कुछ खास दिलचस्पी नहीं दिखाई और उनके लिए आरक्षित हिस्से में सिर्फ 31 फीसदी ही बोली पाई। वहीं क्वाइलिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा सबसे ज्यादा 7.49 गुना भरा, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के हिस्से में 1.07 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

स्वास्तिका इनवेस्टमार्ट के सीनियर एनालिस्ट आयुष अग्रवाल ने बताया, "कोरोना महामारी के दौरान कंपनी के वित्तीय आंकड़े बुरी तरह प्रभावित हुए, लेकिन वित्त वर्ष 2022 की पहली छमाही में यह फिर से सामान्य स्तर पर लौट आए। वित्त वर्ष 2021 की अर्निंग के आधार पर इस इश्यू का वैल्यू इसकी P/E का 161 गुना और प्राइस टू बुक वैल्यू के 24.42 गुना पर है, जो थोड़ा महंगा लग रहा है।"

ग्रे मार्केट में भी वेदांत फैशंस के शेयर अपने इश्यू प्राइस के बराबर ही ट्रेड कर रहे थे। अग्रवाल ने बताया, "ग्लोबल लेवर पर जारी अस्थिरता का असर भारतीय शेयर मार्केट पर भी जारी रहने की उम्मीद है। ऐसे में इस शेयर के अपने इश्यू प्राइस से नीचे लिस्ट होने की उम्मीद है।" हेम सिक्योरिटीज की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन ने भी इस इश्यू के फ्लैट या कुछ फीसदी के डिस्काउंट पर लिस्ट होने की उम्मीद जताई है।

वेदांत फैशंस के पास 'मान्यवर (Manyavar)' और 'मोहे (Mohey)' जैसे कपड़ों के बड़े लोकप्रिय ब्रांड हैं, जिनकी देश भर में उपस्थिति है। कंपनी के दूसरे अहम ब्रांड्स में मंथन, त्वमेव और मेबाज है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।